CM Mohan Yadav Bharat Tex 2026: नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित भारत टेक्स-2026 कार्यक्रम में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने देश-विदेश के प्रमुख टेक्सटाइल निवेशकों, उद्योग प्रतिनिधियों और वैश्विक ब्रांड्स के साथ आयोजित राउंड टेबल बैठक में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने प्रदेश की उद्योग-अनुकूल नीतियों, टेक्सटाइल क्षेत्र की व्यापक संभावनाओं और निवेशकों के लिए उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी देते हुए मध्य प्रदेश में निवेश के लिए आमंत्रित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश लगातार विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। उन्होंने कुंभ मेले का उदाहरण देते हुए कहा कि जिस तरह कुंभ के दौरान एक विशेष धार्मिक वातावरण बनता है, उसी प्रकार भारत टेक्स-2026 में वस्त्र उद्योग का उत्साह और ऊर्जा स्पष्ट रूप से दिखाई दे रही है। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष की तुलना में इस बार आयोजन और अधिक भव्य एवं प्रभावशाली है।
सीएम डॉ. मोहन यादव ने निवेशकों के साथ की वन-टू-वन और राउंड टेबल मीटिंग
3 लाख लोगों को रोजगार मिलने की संभावना
सीएम यादव ने कहा कि केंद्रीय वस्त्र मंत्रालय के सहयोग से मध्य प्रदेश टेक्सटाइल और गारमेंट उद्योग में उपलब्ध संसाधनों का बेहतर इस्तेमाल कर रहा है। इससे न केवल कपड़ा उत्पादन बढ़ रहा है, बल्कि रोजगार के नए अवसर भी सृजित हो रहे हैं, जिससे प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिल रही है। उन्होंने बताया कि धार जिले में विकसित हो रहे देश के पहले पीएम मित्र पार्क की आधारशिला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रखी है। इस परियोजना से लगभग तीन लाख लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार मिलने की संभावना है, जबकि मालवा-निमाड़ क्षेत्र के छह लाख से अधिक कपास उत्पादक किसानों को भी इसका सीधा लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पार्क खेती से लेकर उत्पादन, गारमेंट निर्माण और वैश्विक बाजार तक पूरी सप्लाई चेन को मजबूत करेगा।
महेश्वरी और चंदेरी साड़ियां प्रदेश की पहचान
मुख्यमंत्री ने उद्योग जगत के प्रतिनिधियों की सराहना करते हुए कहा कि उद्यमियों का अनुभव सरकार के लिए अमूल्य पूंजी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार निवेशकों के साथ मिलकर उद्योगों के विकास के लिए हरसंभव सहयोग देने को तैयार है। अपने संबोधन में उन्होंने मध्य प्रदेश की सांस्कृतिक और वस्त्र परंपरा का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि महेश्वरी और चंदेरी साड़ियां प्रदेश की पहचान हैं, जिनकी विरासत महारानी अहिल्याबाई होल्कर और ऐतिहासिक परंपराओं से जुड़ी हुई है। उन्होंने कहा कि भारत की विविधता ही उसकी सबसे बड़ी ताकत है, जहां बनारसी, भागलपुरी और कांजीवरम जैसे वस्त्र पूरे देश में समान रूप से लोकप्रिय हैं।
उद्योगों को 5,500 करोड़ रुपये की सब्सिडी
मुख्यमंत्री ने दावा किया कि वर्तमान में मध्य प्रदेश उद्योगों के लिए सबसे किफायती बिजली उपलब्ध कराने वाले राज्यों में शामिल है। उन्होंने कहा कि राज्य में जल, सौर और पंप स्टोरेज परियोजनाओं के माध्यम से पर्याप्त ऊर्जा उत्पादन हो रहा है, जिससे उद्योगों को निर्बाध और सस्ती बिजली मिल रही है। उन्होंने यह भी बताया कि राज्य सरकार ने उद्योगपतियों और निवेशकों से किए गए अपने सभी वित्तीय वादे पूरे किए हैं। विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों के लिए देय सब्सिडी की राशि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के जरिए जारी कर दी गई है और मई 2026 तक की सभी लंबित देनदारियों का भुगतान पूरा कर दिया गया है। पिछले डेढ़ साल में सरकार ने करीब 5,500 करोड़ रुपये की सब्सिडी उद्योगों को प्रदान की है।
अंत में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने निवेशकों से मध्य प्रदेश में उद्योग स्थापित करने का आग्रह करते हुए कहा कि राज्य निवेश, उद्योग और रोजगार के लिए अनुकूल वातावरण प्रदान कर रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि मध्य प्रदेश आने वाला हर निवेशक यहां के विकास का सहभागी बनेगा।
