शहर

Siwan News: बारातियों से भरी स्कॉर्पियों में लगी आग, धूं-धूं कर जली पूरी कार; जानें कैसे बची 8 लोगों की जान

सीवान में गुरुवार सुबह एक चलती स्कॉर्पियो में अचानक आग लग गई। वाहन में सवार आठ बाराती समय रहते कार से बाहर निकल गए, जिससे बड़ा हादसा टल गया।दमकल की टीम ने आग पर पूरी तरह काबू पाया, लेकिन वाहन पूरी तरह जल गया।

Image

Siwan Fire

Siwan Car Fire: बिहार के सीवान जिले में गुरुवार तड़के एक चलती स्कॉर्पियो में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया। हालांकि चालक की सतर्कता से वाहन में सवार सभी लोग समय रहते बाहर निकल गए। जिससे एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया और किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।

शादी समारोह से वापस लौटते समय हादसा

यह घटना नगर थाना क्षेत्र के दाहा पुल के पास स्थित पटेल चौक में हुई। जानकारी के अनुसार, बुधवार शाम को हुसैनगंज थाना क्षेत्र के गोपालपुर गांव से एक बारात गोपालगंज जिले के मीरगंज गई थी। गुरुवार सुबह शादी समारोह खत्म होने के बाद बाराती स्कॉर्पियो से वापस घर लौट रहे थे। इस दौरान वाहन में करीब आठ लोग सवार थे। तभी रास्ते में गाड़ी ने अचानक आग पकड़ ली।

चालक की सूझबूझ से बची जानें

बताया जा रहा है कि जब स्कॉर्पियो दाहा पुल के पास पटेल चौक पहुंची, तभी चालक को इंजन वाले हिस्से से धुआं उठता हुआ दिखाई दिया। चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत गाड़ी को सड़क किनारे खड़ा कर दिया। इस दौरान धुआं भी तेजी से बढ़ गया। चालक ने तुरंत सभी लोगों को गाड़ी से बाहर निकाला। यात्रियों के उतरते ही स्कॉर्पियो में तेजी से आग भड़क उठी और पूरा वाहन आग की लपटों में घिर गया। घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर पहुंची और उन्होंने आग बुझाने का प्रयास किया। लेकिन आग इतनी तेज थी कि कुछ ही मिनटों में पूरी कार जलकर राख हो गया।

घटना की सूचना मिलने पर दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। साथ ही नगर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस का मानना है कि आग शॉर्ट सर्किट या इंजन में तकनीकी खराबी के कारण लगी हो सकती है। फिलहाल असली वजह जानने के लिए मामले की जांच जारी है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article