Delhi News: साउथ ईस्ट दिल्ली के सरिता विहार क्षेत्र में शुक्रवार की रात एक बेहद ही डरावनी घटना सामने आई है। जानकारी के मुताबिक, भीम कॉलोनी, आली विहार के एक घर में पुलिस ने मां और उसकी 6 वर्षीय बेटी के शव बेड के स्टोरेज बॉक्स में छिपे हुए पाए। पुलिस के अनुसार, 20 फरवरी 2026 की रात करीब 10:30 बजे उन्हें PCR कॉल मिली कि आली विहार के एक मकान में दो लोगों की मौत हो गई है। बता दें कि, सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घर की तलाशी लेने पर बेड के स्टोरेज बॉक्स में महिला और बच्ची के शव बरामद हुए। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
मेडिकल जांच में क्या सामने आया?
बताया जा रहा है कि, क्राइम टीम और FSL की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और महत्वपूर्ण सबूत इकट्ठा किए। मृतकों की पहचान 35 वर्षीय ज्योति और उसकी 6 वर्षीय बेटी के रूप में हुई। दोनों एक ही घर में रहती थीं, जबकि घर के पुरुष सदस्य का नाम सुदर्शन बताया गया है। शुरुआती मेडिकल जांच में शरीर पर कोई गंभीर बाहरी चोट नहीं देखी गई थी। 21 फरवरी को किए गए पोस्टमार्टम में यह सामने आया कि दोनों की मौत गला और मुंह दबाने के कारण हुई थी। ऐसे में पुलिस घर के आसपास के इलाके की पूरी छानबीन कर रही है साथ ही लोगों से भी पूछताछ जारी है।
कौन है शक के घेरे में?
ऐसे में शुरुआती जांच में पुलिस का शक बिल्डिंग में रहने वाले दीन दयाल की ओर है। बताया गया है कि वह पेशे से अकाउंटेंट है और वारदात के बाद से फरार है। पुलिस की कई टीमें उसे पकड़ने के लिए विभिन्न स्थानों पर छापेमारी कर रही हैं और आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। फिलहाल, हत्या के मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस पूरे घटनाक्रम के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।
