शहर

IGI एयरपोर्ट पर महिला से करोड़ों का सोना-हीरा बरामद, हॉंग-कॉंग से तस्करी कर लाई बेशकीमती सामान

दिल्ली स्थित इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सीमा शुल्क अधिकारियों ने हॉंग-कॉंग से आ रहे एक विमान के एक अमेरिकी पासपोर्ट धारक के पास से ने 1.2 किलोग्राम सोने और हीरे की वस्तुएं बरामद की हैं।

Image

आईजीआई हवाई अड्डे पर महिला यात्री के पास से करोड़ों रुपये का समान जब्त

दिल्ली : इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (IGI) हवाई अड्डे पर अमेरिकी पासपोर्ट धारक एक महिला यात्री के पास से 5.42 करोड़ रुपये मूल्य की विदेशी मुद्रा और कई महंगी वस्तुएं जब्त की गई हैं। सीमा शुल्क के अधिकारियों ने बताया कि एक्स-रे जांच और शारीरिक परीक्षण के बाद 1.2 किलोग्राम सोने और हीरे की वस्तुएं, 10 किलोग्राम चांदी के बर्तन, महंगी घड़ियां और विदेशी मुद्रा सहित विदेशी मूल की वस्तुएं मिली हैं। जानकारी के मुताबिक, जब्त की गई कुल वस्तुओं की कीमत 5.42 करोड़ रुपये के आसपास आंकी गई है। फिलहाल, यात्री को गिरफ्तार कर लिया गया है।

हांगकांग से टर्मिनल-3 पर महिला के पास से मिले बेसकीमती सामान

एक बयान के अनुसार, सीमा शुल्क अधिकारियों ने हांगकांग से टर्मिनल-3 पर पहुंची इस यात्री को रोका। महिला की गहन तलाशी लेने के बाद उसके सामान की एक्स-रे जांच की गई जिसमें भारी मात्रा में अघोषित सामान बरामद हुआ। बयान में बताया गया कि जब्त किए गए सामान में 1.2 किलोग्राम वजन की सोने और हीरे की वस्तुएं, 10 किलोग्राम चांदी के बर्तन, रोलेक्स, बुल्गारी, चोपार्ड और कार्टियर जैसे ब्रांडों की महंगी घड़ियां शामिल हैं।

इतनी विदेशी मुद्रा बरामद

इसके अलावा, विदेशी मुद्रा के रूप में 9,084 अमेरिकी डॉलर, 605 यूरो और 2,540 हांगकांग डॉलर भी बरामद किए गए। बयान में जब्त की गई वस्तुओं का कुल मूल्य 5.42 करोड़ रुपये आंका गया है। अघोषित होने और सीमा शुल्क अधिनियम, 1962 के प्रावधानों का उल्लंघन करने के कारण इन सामान को अधिनियम की धारा 110 के तहत जब्त कर लिया गया है। महिला यात्री के पास से घरेलू स्तर पर खरीदा गया 552 ग्राम सोना भी मिला जिसे जब्त नहीं किया गया है। यात्री को सीमा शुल्क अधिनियम, 1962 की धारा 104 के तहत गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है। बयान दर्ज होने के बाद महिला पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article