शहर

आ रहा है मानसून! तेज हवाएं, बारिश और ओलों की चेतावनी, 17 राज्यों में बदलेगा मौसम

देश में मानसून का इंतजार जल्द खत्म होने वाला है। मौसम विभाग ने 4 जून के आसपास केरल में मानसून के पहुंचने की संभावना जताई है। इसके साथ ही 17 राज्यों में आंधी, बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है। कई इलाकों में ओलावृष्टि और बिजली गिरने की भी आशंका है।

Image

Today Weather

Monsoon 2026: देशभर में प्री-मानसून की गतिविधियां लगातार जारी है। जिसके चलते कई राज्यों में इन दिनों बारिश का मौसम देखने को मिल रहा है। इस बीच मानसून के मैनलैंड में आगमन की तारीख लगातार आगे बढ़ती जा रही है। पहले जहां 26 मई को केरल में मानसून के दस्तक का पूर्वानुमान जताया गया था, वहीं अब 4 जून के आसपास इसके आगमन की संभावना जताई जा रही है। इसके साथ ही देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज तेजी से बदलने की संभावना है। इस दौरान 17 राज्यों में आंधी, बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है।

केरल में होगी भारी बारिश

मौसम विभाग के अनुसार, मानसून के केरल पहुंचने के बाद दक्षिण भारत के कई राज्यों में बारिश की गतिविधियां बढ़ जाएंगी। केरल में अगले 6 से 7 दिनों तक तेज बारिश होने की संभावना जताई गई है। वहीं तमिलनाडु, कर्नाटक और पुडुचेरी में भी गरज-चमक के साथ बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। आईएमडी ने उत्तर-पश्चिम, मध्य, पूर्वी और दक्षिण भारत के कई हिस्सों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी है। इस दौरान कुछ इलाकों में हवा की गति 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। साथ ही कई स्थानों पर बिजली और ओले गिरने की भी आशंका जताई गई है।

किन राज्यों में बारिश का अलर्ट

आईएमडी के अनुसार, इस सप्ताह केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक, पुडुचेरी, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, हरियाणा, राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, गुजरात, अंडमान-निकोबार द्वीप समूह, असम और मेघालय समेत कई राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा दिल्ली-NCR, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और जम्मू-कश्मीर में भी अगले कुछ दिनों तक मौसम बदले रहने की संभावना है।

मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि मानसून की शुरुआत के साथ देश के कई हिस्सों में तापमान में गिरावट आ सकती है। हालांकि, कुछ इलाकों में तेज हवाओं और आंधी-तूफान के कारण जनजीवन प्रभावित होने की भी आशंका है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने और तेज आंधी के समय सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article