Ghaziabad News: गाजियाबाद के क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना क्षेत्र में अपराधियों की बेखौफ हरकत का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। कृष्णा नगर इलाके में स्थित कमला हॉल चौकी के पास एचपी पेट्रोल पंप के नजदीक रविवार तड़के करीब 3:20 बजे दो अज्ञात युवक बाइक पर सवार होकर पहुंचे और घर के बाहर खड़ी तीन मोटरसाइकिलों पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी।
गाजियाबाद के क्रॉसिंग रिपब्लिक इलाके में आधी रात की सनसनीखेज वारदात:
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया, जिससे घर में सो रहे लोगों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ गई। इस घटना में तीनों बाइकें बुरी तरह जलकर क्षतिग्रस्त हो गईं। पीड़ित परिवार का आरोप है कि घटना की सूचना तत्काल संबंधित विभागों को दी गई, लेकिन फायर ब्रिगेड की टीम समय पर मौके पर नहीं पहुंची। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।
घर के बाहर खड़ी बाइकों में लगाई आग
घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। पीड़ित विनय और उसके साथियों का आरोप है कि इससे कुछ घंटे पहले ही रात करीब 12:10 बजे दो संदिग्ध लोगों को एक बाइक से पेट्रोल निकालते हुए पकड़ा गया था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को अपने कब्जे में लिया था। पीड़ितों का कहना है कि इसके बाद तड़के बदमाशों ने बदला लेने की नीयत से उनके घर के बाहर खड़ी बाइकों को आग के हवाले कर दिया।
किसी तरह टला बड़ा हादसा
बताया जा रहा है कि आग की लपटें और धुआं देखकर विनय की नींद खुली। उसने अपने साथियों को जगाने की कोशिश की, लेकिन धुएं के कारण कुछ लोग बेहोश हो गए। इसके बाद उसने फायर सिलेंडर की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया और पड़ोसियों को आवाज लगाई। पड़ोसियों ने भी समरसेबल चलाकर और पानी डालकर किसी तरह आग पर काबू पाया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
लगातार बढ़ रही हैं पेट्रोल चोरी करने की घटनाएं
इन दिनों पेट्रोल चोरी करने की घटनाएं लगातार हो रही हैं। कई बार पुलिस को शिकायत दी गई, लेकिन प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। पीड़ितों का कहना है कि यह चौथी घटना है और इस बार बदमाशों ने सीधे आगजनी कर लोगों की जान जोखिम में डाल दी। उनका आरोप है कि 112 पर सूचना देने के बावजूद फायर ब्रिगेड समय पर नहीं आए। फिलहाल पीड़ित ने थाना क्रॉसिंग रिपब्लिक में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज करने और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
