शहर

यमुना को स्वच्छ बनाने के लिए बड़ा सफाई अभियान, 14 जून को एकजुट होगी दिल्ली! CM रेखा गुप्ता करेंगी नेतृत्व

दिल्ली में 14 जून को मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में मेगा यमुना स्वच्छता अभियान का आयोजन किया जाएगा। इसके तहत यमुना घाटों पर सफाई और जागरूकता कार्यक्रम चलाए जाएंगे। करीब 500 सामाजिक, धार्मिक और स्वयंसेवी संगठन व हजारों लोग इसमें हिस्सा लेंगे।

Image

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (फाइल फोटो)

Photo : PTI

Delhi Yamuna Cleanliness Drive: दिल्ली में यमुना नदी को स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए 14 जून को एक बड़ा स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। इस मेगा अभियान का नेतृत्व मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता करेंगी। दिल्ली मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) ने रविवार को बताया कि इस अभियान के तहत यमुना नदी के किनारे अलग-अलग घाटों पर सफाई और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

यमुना के स्वच्छ बनाने के लिए एकजुट होगी दिल्ली

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि यमुना केवल एक नदी नहीं, बल्कि दिल्ली की सांस्कृतिक, धार्मिक और पर्यावरणीय विरासत का अहम हिस्सा है। उन्होंने कहा कि यमुना को स्वच्छ और अविरल बनाने की जिम्मेदारी केवल सरकार की नहीं, बल्कि हर नागरिक की भी है। इसी सोच के साथ लोगों की भागीदारी बढ़ाने पर खास जोर दिया जा रहा है।

यमुना सफाई अभियान में कौन-कौन होगा शामिल

CMO के अनुसार, इस अभियान में लगभग 500 सामाजिक, धार्मिक, शैक्षणिक और स्वयंसेवी संगठनों के शामिल होने की उम्मीद है। इसके अलावा हजारों स्वयंसेवक भी यमुना की सफाई और जागरूकता कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। मुख्यमंत्री स्वयं भी इस अभियान में शामिल होकर लोगों के साथ स्वच्छ यमुना के संकल्प को मजबूत करेंगी।

पिछले साल यमुना घाटों से निकला 12 टन कचरा

सीएम रेखा गुप्ता ने बताया कि पिछले साल भी 'मेरी यमुना, मेरा कर्तव्य' अभियान चलाया गया था, जिसमें हजारों लोगों ने भागीदारी ली थी। उस दौरान यमुना और उसके घाटों से 12 टन से अधिक कचरा इकट्ठा कर वैज्ञानिक तरीके से उसका निस्तारण किया गया था।

प्रशासन ने सफाई अभियान के लिए शुरू की तैयारियां

प्रशासन ने 14 जून के कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। स्थानीय प्रशासन, दिल्ली पुलिस, नगर निगम, स्वास्थ्य विभाग और अन्य संबंधित एजेंसियों के सहयोग से सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, पेयजल, प्राथमिक उपचार, आपातकालीन सेवाओं और स्वच्छता की व्यवस्थाएं की जा रही हैं।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article