राजस्थान के झुंझुनूं के चनाना से अपहरण का मामला सामने आया है। बीती रात को चनाना कस्बे में फिल्मी स्टाइल में दो कारों में सवार होकर आए लोग परिवारजनों की आंखों में मिर्च डाल मारपीट करते हुए विवाहिता का अपहरण कर ले गए। अपहरण की ये वारदात घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
नवविवाहिता का अपहरण।
सीसीटीवी में वारदात कैद
सीसीटीवी फुटेज में कुछ नकाबपोश लोग हाथों में लाठी लिए घर के अंदर घुसते हुए और फिर विवाहिता का अपहरण कर ले जाते हुए दिखाई दे रहे हैं। पीड़ित परिवार का आरोप हैं कि रात को चनाना चौकी ओर सुल्ताना थाने में पुलिस से मदद मांगी पर पुलिस द्वारा कोई सुनवाई नहीं की गईं।
प्रेम विवाह से जुड़ा है मामला
मामला प्रेम विवाह से जुड़ा हुआ हैं। पीड़ित परिवार ने लड़की के परिजनों पर अपहरण कर ले जाने का आरोप लगाया हैं। जानकारी के अनुसार, सुल्ताना थाना इलाके के चनाना गांव निवासी जितेंद्र कुमार की नागौर की मोनिका कंवर से सोशल मीडिया पर दोस्ती हुई, उसके बाद दोनों ने अप्रैल में हिसार में प्रेम विवाह कर लिया और राजस्थान हाई कोर्ट से संरक्षण को लेकर याचिका दायर कड़ते हुए संरक्षण प्राप्त का आदेश पारित करवाया।
पीड़ित ने लगाई गुहार
इसके बाद जितेंद्र कुमार अपनी पत्नी मोनिका के साथ रह रहा था। रात को मोनिका के परिजन दो गाड़ियों में सवार होकर आए और जितेंद्र कुमार के परिजनों से मारपीट करते हुए मोनिका कंवर को गाड़ी में डालकर ले गए। पीड़ित परिवार ने चनाना चौकी ओर सुल्ताना थाने में सुनवाई नहीं होने पर एसपी के समक्ष पेश होकर गुहार लगाई हैं। सुल्ताना थानाधिकारी भजनाराम राम ने बताया कि मामले को लेकर पुलिस टीम गठित की गई हैं। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
