शहर

मिर्जापुर भीषण हादसा, घर में घुसा बेकाबू ट्रक; 3 लोगों की दर्दनाक मौत

मिर्जापुर में वाराणसी-शक्तिनगर हाईवे पर एक बेकाबू ट्रक घर में घुस गया। हादसे में घर के बाहर सो रहे तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर घायल हुए। घटना के बाद परिजनों ने करीब दो घंटे तक चक्का जाम किया।

Image

मिर्जापुर में बेकाबू ट्रक घर में घुसा

Photo : Times Now Digital

उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले में गुरुवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। वाराणसी-शक्तिनगर हाईवे पर एक तेज रफ्तार ट्रक बेकाबू होकर घर में जा घुसा। इस दौरान ट्रक ने घर के बाहर सो रहे लोगों को कुचल दिया। इस हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है।

सुबह 3 बजे हुआ हादसा

यह हादसा अहरौरा थाना क्षेत्र के कुदारन इलाके में सुबह करीब 3 बजे हुआ। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ट्रक का टायर अचानक फटने के कारण वाहन पर अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे बने घर में घुस गया। इस हादसे में पूरा मकान बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। बताया जा रहा है कि हादसे के समय कुछ लोग घर के बाहर सो रहे थे। तेज रफ्तार ट्रक उनके ऊपर चढ़ गया, जिससे तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

घायलों को अस्पताल भेजा गया

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाया गया। मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतकों की पहचान 47 वर्षीय राजाराम, 70 वर्षीय सुखिया और 45 वर्षीय चांदतारा के रूप में हुई है। सभी कुदारन थाना के अहरौरा जनपद के निवासी थे। हादसे में 12 वर्षीय सुहानी और 45 वर्षीय सुनील शर्मा घायल हुए हैं।

परिजनों ने किया चक्का जाम

हादसे के बाद गुस्साए परिजनों और स्थानीय लोगों ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर करीब दो घंटे तक चक्का जाम कर दिया। उनका आरोप था कि पुलिस ने बिना परिजनों को सूचना दिए शवों को हटाने का प्रयास किया। स्थिति को संभालने के लिए मौके पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और सीओ ऑपरेशन पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों को समझाकर शांत कराया, जिसके बाद जाम समाप्त हुआ और यातायात दोबारा शुरू कराया गया।

सभी घायलों को इलाज के लिए सीएचसी चचेरी मोड़ चुनार भेजा गया। जहां डॉक्टरों ने घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें वाराणसी रेफर किया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article