शहर

महीसागर मर्डर मिस्ट्री : नाबालिग बेटी ने प्यार में खेला खूनी खेल, प्रेमी संग मिलकर मां कर दिया...

गुजरात के माहीसागर में एक नाबालिग ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर मां की हत्या कर दी। फिलहाल, ह्यूमन इंटेलिजेंस और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कोठांबा पुलिस ने तेजी से जांच कर पूरे मामले का पर्दाफाश कर दिया।

Image

महीसागर मर्डर मिस्ट्री का खुलासा

माहीसागर : जिले से एक ऐसा हत्याकांड सामने आया है, जिसने रिश्तों, भरोसे और इंसानियत तीनों को एक साथ कटघरे में खड़ा कर दिया है। लूनावाड़ा के कोठांबा थाना क्षेत्र में तीन दिन पहले कमालपुर के नाका तालाब से मिली एक महिला की लाश ने जब राज खोला, तो कहानी सीधे एक खौफनाक साजिश तक जा पहुंची। पहली नजर में मामला हादसे का लगा था, लेकिन गले पर मिले निशानों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने साफ कर दिया कि यह एक सोची-समझी हत्या थी। इसके बाद पुलिस ने गहन जांच शुरू की और जो सामने आया, उसने पूरे इलाके को हिला दिया

जांच में खुलासा हुआ कि मृतक महिला की नाबालिग बेटी का कमलेश बारिया नाम के युवक से प्रेम संबंध था। इसी बीच मां ने बेटी की सगाई कहीं और तय कर दी और शादी के लिए दबाव बनाने लगी। बेटी को यह मंजूर नहीं था। उसने अपने प्रेमी से कहा कि जब तक उसकी मां जिंदा है, वे दोनों साथ नहीं हो सकते। बस, यहीं से एक खतरनाक साजिश जन्म लेती है।

कमलेश ने अपने चार दोस्तों के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई। इस साजिश में महिला का परिचित जयेश पटेलिया भी शामिल हो गया, जो निजी कारणों से पहले से ही महिला से नाराज था। योजना के तहत, घटना वाली रात जयेश ने महिला को बाजरे के खेत में बुलाया। देर रात 1 से 2 बजे के बीच जब महिला वहां पहुंची, तो कमलेश और उसके साथी भी मौके पर आ गए।

इसके बाद आरोपियों ने जूते की लेस से गला घोंटकर महिला की हत्या कर दी। मौत वहीं, उसी सन्नाटे में हो गई… जहां भरोसा आखिरी सांस ले रहा था। हत्या के बाद आरोपियों ने शव को बाइक पर ले जाकर करीब 18 किलोमीटर दूर नाका तालाब में फेंक दिया, ताकि मामला डूबने का लगे।

ह्यूमन इंटेलिजेंस और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कोठांबा पुलिस ने तेजी से जांच कर पूरे मामले का पर्दाफाश कर दिया। पुलिस ने नाबालिग बेटी, उसके प्रेमी कमलेश बारिया, उसके चार साथियों और जयेश पटेलिया समेत कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इनमें दो आरोपी नाबालिग हैं। फिलहाल सभी आरोपियों से पूछताछ जारी है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Dhruv Sanchania
ध्रुव संचानियाauthor

ध्रुव संचानिया गुजरात में टाइम्स नेटवर्क के सीनियर जर्नलिस्ट और ब्यूरो चीफ के पद पर कार्यरत हैं। ध्रुव ने प्रिंट, रेडियो, डिजिटल और टीवी पर शानदार काम किया है। क्राइम, इन्वेस्टिगेशन से लेकर इंसानी कहानियों तक में उनका काम गहराई से भरा होता है। जब वह हेडलाइन के पीछे नहीं भाग रहे होते तो वह सड़कों, सिनेमा और अगली छिपी हुई कहानी के पीछे भाग रहे होते हैं। उनका काम ऐसा है जो उन्हें अलग ला खड़ा करता है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!