Dhandhuka Violence News: गुजरात के धंधुका में बाइक ओवरटेक करने जैसी मामूली बात में एक युवक की जान ले ली गई जिसके बाद पूरा शहर हिंसा की आग में झुलस गया। प्राथमिक जानकारी के अनुसार, दो पक्षों के बीच बाइक ओवरटेक करने को लेकर कहासुनी हुई थी। यह विवाद धीरे-धीरे इतना बढ़ गया कि हिंसक झगड़े में बदल गया और एक युवक की हत्या कर दी गई। घटना की खबर फैलते ही इलाके में भारी आक्रोश फैल गया और देखते ही देखते भीड़ सड़कों पर उतर आई।
कई दुकानों और वाहनों में लगाई आग
गुस्साई भीड़ ने बाजार क्षेत्र को निशाना बनाते हुए कई दुकानों और वाहनों में आग लगा दी, वहीं कई जगहों पर तोड़फोड़ की गई। अचानक भड़की इस हिंसा से पूरे शहर में डर और अफरातफरी का माहौल बन गया। व्यापारियों ने आनन-फानन में अपनी दुकानें बंद कर दीं और लोग अपने घरों में सिमट गए। घटना की गंभीरता को देखते हुए जिला पुलिस प्रमुख ओमप्रकाश जाट तुरंत मौके पर पहुंचे।
कहां से शुरू हई वारदात?
मामले की शुरुआत तब हुई जब भरवाड़ समुदाय का एक युवक एक युवती को ब्यूटी पार्लर लेकर जा रहा था। रास्ते में बाइक ओवरटेक करने को लेकर उसकी कहासुनी एक अन्य युवक से हो गई। बात इतनी बढ़ी कि हाथापाई में दूसरे युवक की उंगली फ्रैक्चर हो गई। घायल युवक इलाज के लिए अस्पताल चला गया, लेकिन जाते-जाते उसने धमकी दी कि वह इसका बदला लेगा। इधर, माहौल धीरे-धीरे गरम होता गया। कुछ ही देर में 15 से 20 युवक इकट्ठा होकर घायल युवक के घर पहुंच गए। घर के लोग डर के मारे वहां से निकल गए, लेकिन एक युवक अंदर ही छुपा रह गया। भीड़ ने उसे पकड़कर मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान आत्मरक्षा में उस युवक ने अपने पास मौजूद छुरी से एक हमलावर के पैर पर वार कर दिया। गंभीर चोट और अधिक खून बहने के कारण घायल युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
दो आरोपियों को लिया गया हिरासत में
इस घटना के बाद इलाके में तनाव तेजी से फैल गया। खबर फैलते ही भीड़ इकट्ठा होने लगी और हालात बेकाबू होते गए। कुछ असामाजिक तत्वों ने मौके का फायदा उठाते हुए रोड किनारे की दुकानों को निशाना बनाया और आगजनी शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि 7 से 8 दुकानों में आग लगा दी गई, जिनमें ज्यादातर भंगार और टायर से जुड़ी दुकानें थीं। हालात बिगड़ते देख पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और करीब आधे घंटे के अंदर दो आरोपियों, समीर और रिजवान, को हिरासत में ले लिया गया। इसके बाद पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर किया और पूरे इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है। एसपी खुद मौके पर मौजूद हैं और दोनों पक्षों से बातचीत कर हालात को शांत करने की कोशिश कर रहे हैं। पूरे क्षेत्र में पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है और संवेदनशील इलाकों में लगातार पेट्रोलिंग की जा रही है। प्रशासन का कहना है कि माहौल अब शांतिपूर्ण है और किसी भी तरह की अफवाह से बचने की अपील की गई है। घटना में शामिल जिम्मेदार लोगों की पहचान की जा रही है और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
जामनगर में लगी आग से हड़कंप
वहीं, जामनगर में जिला पंचायत भवन की दूसरी मंजिल पर आज आग लग गई, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। आग लगने की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और समय रहते आग पर काबू पा लिया। लेकिन इस आग में कई महत्वपूर्ण फाइलें, डॉक्यूमेंट और कंप्यूटर जलकर खाक हो गए। अब सवाल यह उठता है कि क्या यह कोई एक्सीडेंट था या कोई साजिश जिस पर से पर्दा उठना बाकी है। फिलहाल अधिकारी इस घटना की जांच कर रहे हैं।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। सम्राट चौधरी बने बिहार के मुख्यमंत्री. शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
