शहर

हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश का अलर्ट, 200 सड़कें हुई बंद, मौसम विभाग ने जारी किया ‘येलो अलर्ट'

Himachal Pradesh Rain: हिमाचल प्रदेश में मौसम विभाग ने भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। भारी बारिश के चलते 200 सड़कों को बंद किया गया है। बताया जा रहा है कि 20 जून से 14 जुलाई तक 105 लोगों की मौत हो चुकी है। मौसम विभाग ने मौसमी गतिविधियों को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया है।

Image

हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश का अलर्ट (फोटो - Canva)

Himachal Pradesh Rain: मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश के दो से नौ जिलों में इस सप्ताह भारी बारिश का पूर्वानुमान व्यक्त किया और राज्य के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। हिमाचल प्रदेश में बारिश के बाद कुल 199 सड़कें बंद हैं। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (एसईओसी) के अनुसार, 20 जून को मानसून की शुरुआत से लेकर 14 जुलाई तक लगभग 105 लोगों की मौत हो चुकी है, जिसमें से 61 लोगों की मौत बारिश से जुड़ी घटनाओं में और 44 मौतें सड़क दुर्घटनाओं में हुईं, जबकि 184 लोग घायल हुए हैं, वहीं 35 लोग लापता हैं।

एसईओसी के अनुसार, हिमाचल प्रदेश को वर्षा जनित घटनाओं में 786 करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है। राज्य में इस मानसून के 31 बार बाढ़, 22 बार बादल फटने और 18 बार भूस्खलन की घटनाएं हुई हैं। आपदा प्रभावित मंडी जिले में लगभग 141 सड़कें बंद हैं और मंगलवार शाम तक जलापूर्ति की 171 योजनाएं और 68 बिजली वितरण ट्रांसफार्मर भी प्रभावित हुए हैं।

कहां हुई कितनी बारिश

हिमाचल प्रदेश के शिमला के उपनगर जुब्बड़हट्टी में सोमवार शाम से 56.8 मिलीमीटर बारिश हुई, इसके बाद काहू में 39.5 मिलीमीटर, बिलासपुर में 31.3 मिलीमीटर, स्लैपर में 30.1 मिलीमीटर, कसौली में 28 मिलीमीटर, धर्मपुर में 24.2 मिलीमीटर, कुफरी में 23.5 मिलीमीटर, मुरारी देवी में 21.8 मिलीमीटर, शिमला में 20.8 मिलीमीटर, पच्छाद में 19.1 मिलीमीटर, करसोग में 19 मिलीमीटर, धौलाकुआं में 18.5 मिलीमीटर और जोत में 17.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।

सुंदरनगर, पालमपुर और शिमला में गरज के साथ बारिश हुई, जबकि कुफरी और धौलाकुआं में 37 से 41 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं। अधिकारियों ने बताया कि 30 जून की रात मंडी के विभिन्न हिस्सों में भारी बारिश के बाद बह गए 27 लोगों का पता लगाने के लिए तलाश अभियान अब भी जारी है।

(इनपुट - भाषा)

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें