Maulana Jarjis Controversial Statement: उत्तर प्रदेश के विवादित इस्लामिक स्कॉलर मौलाना जर्जिस अंसारी के एक कथित बयान ने देश के धार्मिक और सामाजिक हलकों में एक नया बड़ा विवाद खड़ा कर दिया है। झारखंड में आयोजित एक धार्मिक सभा के दौरान मंच से बोलते हुए मौलाना जरजिस ने सनातन धर्म के आराध्य भगवान श्रीकृष्ण को लेकर एक बेहद अजीब और आपत्तिजनक दावा कर दिया। मौलाना जर्जिस ने सरेआम मंच से कहा कि 'भगवान श्रीकृष्ण जी भी पांच वक्त की नमाज पढ़ते थे।'
मौलाना के इस बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद विभिन्न हिंदू धार्मिक और सामाजिक संगठनों ने इस पर बेहद तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है और इसे करोड़ों हिंदुओं की आस्था का अपमान बताया है।
'यकीन न आए तो भगवद गीता देख लो'- मौलाना का अजीब दावा
मौलाना जर्जिस अंसारी ने केवल यह विवादित बयान ही नहीं दिया, बल्कि अपने इस अजीबोगरीब दावे को सही साबित करने के लिए सनातन धर्म के सबसे पवित्र ग्रंथ श्रीमद्भागवत गीता का हवाला भी दे डाला।
भरी सभा को संबोधित करते हुए मौलाना ने कहा, 'कृष्ण जी भी पांच वक्त की नमाज पढ़ते थे। अगर किसी को मेरी इस बात पर यकीन न आए, तो वह श्रीमद्भागवत गीता का छठा अध्याय निकाल ले और उसका 10वां मंत्र (श्लोक) देख ले, उसमें सब साफ लिखा हुआ है।'
धार्मिक विशेषज्ञों के अनुसार, मौलाना जर्जिस द्वारा गीता के छठे अध्याय के 10वें श्लोक (जो कि वास्तव में एकांत में बैठकर आत्म-संयम और योग साधना करने का उपदेश देता है) की यह व्याख्या पूरी तरह से मनगढ़ंत, भ्रामक और तथ्यों से परे है।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर भी साधा निशाना
अपने इस भाषण के दौरान मौलाना जर्जिस ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर भी सीधा हमला बोला। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि सीएम योगी आदित्यनाथ बहुत बड़े कृष्ण भक्त बनते हैं और राम भक्त बनते हैं। मौलाना ने बेहद आक्रामक अंदाज में मुख्यमंत्री की धार्मिक निष्ठा पर सवाल उठाने की कोशिश की।
