शहर

Mau Accident: मऊ में बड़ा हादसा, अयोध्या से लौट रही श्रद्धालुओं की बस पेड़ से टकराई; 40 लोग घायल

मऊ के रतनपुरा इलाके में अयोध्या से बलिया जा रही एक बस अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई, जिससे करीब 40 यात्री घायल हो गए। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रारंभिक जांच में ड्राइवर के बस से नियंत्रण खोने को हादसे का कारण माना जा रहा है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Image

फाइल फोटो

Mau Accident News: उत्तर प्रदेश के मऊ जिले में देर रात एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। रतनपुरा इलाके में श्रद्धालुओं से भरी एक बस बेकाबू होकर एक पेड़ से टकरा गई। इस हादसे में लगभग 40 श्रद्धालु घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के कारणों की जांच जारी है।

बलिया जाते समय हादसा

पुलिस के अनुसार, यह बस अयोध्या से बलिया जा रही थी। जिसमें सवार सभी लोग अयोध्या में एक धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आए थे। जानकारी के अनुसार, ये लोग 20 से 28 मार्च तक अयोध्या में आयोजित श्री लक्ष्मी नारायण महायज्ञ में शामिल होने के लिए बलिया से आए थे। यज्ञ पूरा होने के बाद वे वापस अपने घर लौट रहे थे, तभी रात करीब 1:30 बजे हलधरपुर थाना क्षेत्र के रतनपुरा-मुबारकपुर रास्ते पर यह हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि ड्राइवर ने अचानक बस पर नियंत्रण खो दिया, जिससे बस तेज रफ्तार में सड़क किनारे लगे पेड़ से टकरा गई।

बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त

यह टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह टूट गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। यात्रियों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग तुरंत मदद के लिए पहुंच गए। साथ ही पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को पहले जोगपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें मऊ जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

घायलों में महिलाएं-बच्चे भी शामिल

न्यूज एजेंसी पीटीआई के अनुसार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) संजय गुप्ता ने बताया कि इस हादसे में करीब 35 से 40 लोग घायल हुए हैं, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। फिलहाल सभी घायलों का इलाज चल रहा है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article