शहर

मथुरा में यमुना नदी में स्टीमर पलटने से 10 लोगों की मौत, कई लापता, रेस्क्यू जारी; हेल्पलाइन नंबर जारी

यूपी के मथुरा में यमुना नदी में एक नाव पलट गई। इस दर्दनाक घटना में 10 लोगों की मौत हो गई है, जबकि कई लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं। प्रशासन की ओर से युद्धस्तर पर बचाव अभियान चलाया जा रहा है। इसी बीच, हादसे के मद्देनजर जिला प्रशासन की ओर से हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए हैं, ताकि प्रभावित परिवारों और आम लोगों को मदद मिल सके।

Image

मथुरा में नाव पलटने से कई लोगों की मौत

मथुरा में शुक्रवार की शाम केशी घाट पर यमुना नदी में एक स्टीमर पलट जाने से 10 लोगों के मौत हो गई है। इस हादसे में करीब 20 से ज्यादा लोगों के डूबने की आशंका जताई जा रही है। कई श्रद्धालु अब भी लापता बताए जा रहे हैं, जिनमें ज्यादातर पंजाब के होने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, 16 व्यक्तियों को बचाया गया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और गोताखोरों की टीमें मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन में जुट गई हैं। जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश के मुताबिक राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है और लापता लोगों की तलाश की जा रही है। सीएम योगी ने एक्स पर लिखा है कि जनपद मथुरा में नाव पलटने से हुई दुर्घटना में जनहानि अत्यंत दुःखद एवं हृदय विदारक है। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं।

सीएम योगी ने जताया शोक

वृंदावन के केसी घाट के पास एक बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण घटना घटी है, जहां दो नावों में सवार होकर एक ही समूह के लोग नदी में दर्शन कर रहे थे। इसी दौरान एक नाव डूब गई, जिसमें कई लोगों के डूबने की आशंका जताई गई है। खबर लिखे जाने तक 14 से अधिक लोगों को सकुशल बचा लिया गया है, जबकि छह लोगों की मौत हो गई है। पीड़ितों की पहचान के संबंध में यह जानकारी दी गई है कि ये लोग पंजाब के लुधियाना से यहां दर्शन करने आए थे। सामने आए वीडियो से पता चला है कि इन यात्रियों में से किसी को भी नाविक ने ’लाइफ जैकेट’ नहीं पहनाई थी, न ही उनमें से किसी ने भी स्वयं इस ओर ध्यान दिया। मोटर चालित नाव (मोटरबोट) में दो दर्जन से अधिक तीर्थयात्री सवार थे। ये सभी पंजाब के लुधियाना, मुक्तसर, जगरांव से आए थे। उनमें कुछ सदस्य हरियाणा के हिसार से भी आए बताए जा रहे हैं।

बता दें कि यह घटना शुक्रवार दोपहर को मथुरा के प्रसिद्ध केसी घाट के पास यमुना नदी में घटी, जब श्रद्धालुओं को ले जा रही एक नाव पलट गई। जिला मजिस्ट्रेट सीपी सिंह के अनुसार, यह हादसा दोपहर करीब 2:45 बजे हुआ जब लुधियाना के लगभग 30 लोग दो नावों में सैर कर रहे थे। बताया जाता है कि एक नाव पीपा पुल से टकराने के बाद डूब गई।

हेल्पलाइन नंबर जारी

जिला प्रशासन द्वारा वृन्दावन स्थित केशी घाट के निकट यमुना जी में हुई दुर्घटना के संबंध में हेल्पलाइन नंबर 0565-2403200 जारी किया गया है। आप किसी भी समस्या या जानकारी हेतु जिलाधिकारी के मोबाइल नंबर 9454417512, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व पंकज कुमार वर्मा के मोबाइल नंबर 9012881919/ 9454417583 तथा एस0पी0 ग्रामीण सुरेश चंद्र रावत के मोबाइल नंबर 9454401103 पर संपर्क कर सकते है।

डीआईजी ने क्या कहा?

मथुरा के डीआईजी शैलेश कुमार पांडेय ने बताया कि दोपहर 3 बजकर 15 बजे के करीब यमुना नदी में उस स्थान पर नाव हादसा हुआ, जहां पांटून पुल बना हुआ है। बताया जा रहा है कि नाव में करीब 25 से 27 लोग सवार थे। प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर पहली नजर में हादसे का कारण यह लगता है कि नाव पांटून पुल से टकरा गई। घटनास्थल से अब तक 10 शव बरामद किए जा चुके हैं। फायर सर्विस, पुलिस, स्थानीय गोताखोर और नाविक राहत और बचाव कार्य में जुटे हुए हैं। एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें भी अपने-अपने बेस से रवाना हो चुकी हैं और जल्द ही मौके पर पहुंचने की उम्मीद है। जो लोग अभी लापता हैं, उनकी तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन जारी है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article