शहर

Holi in Mathura: मथुरा में दिखे होली के अलग रंग, कहीं फूल-कहीं चप्पलों से खेली गई होली

कृष्ण नगरी मथुरा में होली का त्योहार पारंपरिक उत्साह और अनोखी परंपराओं के साथ मनाया गया। इस दौरान श्री बांके बिहारी मंदिर समेत कई मंदिरों में स्पेशल आयोजन हुए। वहीं बछगांव में 150 साल पुरानी ‘चप्पल मार’ परंपरा के साथ होली मनाई गई। जिले में सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी गई है।

Image

मथुरा में जूता मार होली

Photo : PTI

Mathura Holi Celebration: मथुरा बुधवार को होली के रंगों में सराबोर हो गया। इस दौरान भक्तों और स्थानीय लोगों ने पारंपरिक उत्साह के साथ होली मनाई। वहीं गोवर्धन तहसील के बछगांव गांव में ’चप्पल मार' होली मनाई गई। यहां सालों से होली खेलने की यह परंपरा जारी है, जिसमें गांव के बुजुर्ग बच्चों को चप्पलों से खेल-खेल में मारते हैं।

श्री बांके बिहारी मंदिर के सेवायत ज्ञानेंद्र किशोर गोस्वामी ने कहा कि मंदिर के बाहर होली खेली जा रही है, लेकिन गर्भगृह के अंदर नहीं मनाई जा रही है क्योंकि मंदिर का होली उत्सव होलिका दहन के दिन समाप्त हो जाता है। पुराने केशवदेव मंदिर के सेवायत बिहारीलाल गोस्वामी ने बताया कि शाम को ’भजन संध्या’ और फूलों की होली का कार्यक्रम रखा गया है। उन्होंने कहा कि उस दिन मंदिर परिसर के अंदर होली नहीं मनाई जाती है। वहीं श्री गरुण गोविंद मंदिर में सेवायत डॉक्टर राजेश गौतम ने कहा कि रंगभरी एकादशी से एक दिन पहले होली का त्योहार पारंपरिक ’हुरंगा’ के साथ समाप्त होता है।

150 साल पुरानी चप्पल मार होली परंपरा

मथुरा के बछगांव गांव में ’चप्पल’ होली मनाई जाती है। स्थानीय निवासी योगेश कुंतल ने बताया कि यह एक-दूसरे के प्रति बिना किसी द्वेष के खेलने की परंपरा है। एक अन्य ग्रामीण ने बताया कि 150 साल पुरानी यह परंपरा कभी अंग्रेजों के अत्याचारों का विरोध करने के लिए शुरू की गई थी, इस दौरान हुरियारे गुलाल उड़ाए जाते हैं और होली के गीतों पर नृत्य भी किया जाता है।

मथुरा में सुरक्षा व्यवस्था भी सख्त

स्थानीय व्यापारी हर्ष चतुर्वेदी ने कहा, ’’मथुरा में होली दूसरी जगहों से अलग है क्योंकि यहां हम भगवान कृष्ण की लीलाओं में से एक को फिर से जीते हैं। पिछले 30 दिनों से शहर के अलग-अलग हिस्सों में बड़े समारोह हो रहे हैं।’’ मथुरा में सुबह से ही लोग होली के गानों पर नाचते और एक-दूसरे को रंग लगाते दिखाई दिए। पेशे से प्रोफेसर दीक्षा चौधरी ने कहा, "मथुरा में होली मुझे खुशी देती है। मैं कृष्ण के करीब महसूस करती हूं।" होली के मौके पर सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त भी किए गए हैं। अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण क्षेत्र) सुरेश चंद्र रावत ने बताया कि पूरे जिले को नौ जोन और 40 सेक्टर में बांटा गया है। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस टीमें तैनात की गई हैं।

(इनपुट - भाषा)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article