शहर

लखनऊ में भीषण आग का तांडव; 200 से ज्यादा झुग्गी-झोपड़ियां जलीं, CM योगी से लेकर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह हुए एक्टिव

लखनऊ के विकास नगर इलाके में बुधवार शाम लगी भीषण आग ने तबाही मचा दी, जिसमें 200 से अधिक झोपड़ियां जलकर राख हो गईं। आग इतनी विकराल थी कि इसका काला धुआं कई किलोमीटर दूर तक दिखाई दिया, जिससे पूरे इलाके में अफरातफरी मच गई।

Image

लखनऊ में भीषण आग (फोटो: ANI)

Photo : ANI

Lucknow Fire News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के विकास नगर इलाके में बुधवार शाम भीषण आग लग गई, जिससे 200 से ज्यादा झोपड़ियां जलकर खाक हो गईं। अधिकारियों के अनुसार दोपहर बाद रिंग रोड के पास एक खाली भूखंड में झोपड़ियों में आग लग गयी तथा काले धुएं का गुबार कई किलोमीटर दूर से देखा जा सकता था। उन्होंने कहा कि जिस इलाके में आग लगी, उसके पास होटल और विभिन्न ऑटोमोबाइल शोरूम भी हैं।

अग्निशमन विभाग के एक अधिकारी ने कहा, "आग पर काबू पाने के लिए दमकल की कम से कम 10 गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। घरों के अंदर रखे छोटे रसोई गैस सिलेंडरों में बार-बार विस्फोट होने से अभियान मुश्किल हो गया था।" अधिकारियों के अनुसार आग में दर्जनों गरीब परिवारों का सामान जलकर राख हो गया। अधिकारियों ने कहा कि शुरुआती आकलन में किसी की जान जाने या गंभीर चोट लगने की सूचना नहीं है। स्थानीय पुलिस और प्रशासन के अधिकारी राहत प्रयासों में समन्वय के लिए घटनास्थल पर पहुंचे।

सीएम योगी ने लिया घटना का संज्ञान

अधिकारी ने कहा, "प्राथमिक ध्यान आग को पास के वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों और आवासीय कॉलोनियों में फैलने से रोकना था। आग अब काफी हद तक नियंत्रण में है।" उन्होंने कहा कि आग लगने का सही कारण अभी तक पता नहीं चल पाया है। उन्होंने कहा कि इस घटना की विस्तृत जांच के आदेश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी घटना का संज्ञान लिया है और अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया है।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने की जिलाधिकारी से बात

वहीं, रक्षा मंत्री एवं लखनऊ के सांसद राजनाथ सिंह ने भी भीषण आग के संबंध में जिलाधिकारी से बात की और बचाव एवं राहत कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की लखनऊ इकाई के अध्यक्ष आनंद द्विवेदी ने बताया कि रक्षा मंत्री ने स्थिति का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी से बातचीत की और घटना पर गंभीर चिंता जताते हुए स्थानीय प्रशासन को बचाव एवं राहत कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। द्विवेदी ने एक बयान में कहा, "रक्षा मंत्री ने निर्देश दिया है कि प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता प्रदान की जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि घायलों को उचित चिकित्सा उपचार मिले।"

अखिलेश यादव ने की राज्य सरकार से यह मांग

जिलाधिकारी विशाख जी अय्यर ने सिंह को जमीनी स्थिति की जानकारी दी और बताया कि प्रशासन सामान्य स्थिति बहाल करने के लिए "पूरी संवेदनशीलता" के साथ काम कर रहा है। इस बीच, समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पीड़ितों के लिए तत्काल सहायता पैकेज की मांग करते हुए राज्य सरकार से विस्थापित झुग्गीवासियों के लिए खाना, पानी और वैकल्पिक आवास की व्यवस्था सुनिश्चित करने का आग्रह किया। यादव ने ’एक्स’ पर पोस्ट किया, "लखनऊ के टेढ़ी पुलिया इलाके की झुग्गी-झोपड़ी में लगी भीषण आग के पीड़ितों के लिए सरकार तत्काल भोजन, पानी और घायलों को तुरंत इलाज उपलब्ध कराए तथा रहने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था करे।" उन्होंने कहा कि इस अग्निकांड की हर पहलू से गहन जांच होनी चाहिए और जो लोग लापता हैं, उनके बारे में हर आशंका दूर की जानी चाहिए। यादव ने कहा, "हम सभी से हर संभव मदद पहुंचाने की मांग करते हैं।"

(इनपुट - भाषा)

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article