शहर

बहादुरगढ़ की दो फैक्ट्रियों में भड़की भीषण आग, दो मजदूर गंभीर रूप से झुलसे; पूरे इलाके में मचा हड़कंप

हरियाणा के बहादुरगढ़ स्थित एचएसआईआईडीसी सेक्टर-17 में जूते और गद्दे बनाने वाली दो फैक्ट्रियों में अचानक भीषण आग लग गई। इस हादसे में दो मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए, जिन्हें इलाज के लिए पीजीआई रोहतक रेफर किया गया है।

Image

हरियाणा के बहादुरगढ़ में बड़ा हादसा

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Bahadurgarh Factory Fire: हरियाणा के बहादुरगढ़ के एचएसआईआईडीसी सेक्टर-17 में जूते और गद्दे बनाने वाली दो फैक्ट्रियों में अचानक भीषण आग लग गई। इस हादसे में दो मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए, जिन्हें इलाज के लिए पीजीआई रोहतक रेफर किया गया है। आग पर काबू पाने के लिए कई जिलों की दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचकर लगातार प्रयास कर रही हैं।

उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं मजदूर

जानकारी के मुताबिक, घायलों को तुरंत बहादुरगढ़ के नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद उनकी हालत गंभीर देखते हुए उन्हें पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया। झुलसे मजदूरों की पहचान उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर निवासी मोनू और कानपुर निवासी दीपक के रूप में हुई है।

अचानक आग भड़क उठी

बताया जा रहा है कि दोनों मजदूर प्लॉट नंबर 261 की फैक्ट्री में काम कर रहे थे, तभी अचानक आग भड़क उठी। आग इतनी तेजी से फैली कि पास ही स्थित प्लॉट नंबर 262 की फैक्ट्री भी इसकी चपेट में आ गई। बताया जा रहा है कि प्लॉट नंबर 261 में शांति इंटरप्राइजेज नाम की फैक्ट्री में गद्दों का निर्माण होता है, जबकि 262 नंबर प्लॉट में जूते बनाने का काम किया जाता है। फैक्ट्रियों में मौजूद ज्वलनशील सामग्री के कारण आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया और पूरे इलाके में घना धुआं फैल गया।

आग बुझाने का काम लगातार जारी

घटना की सूचना मिलते ही बहादुरगढ़ फायर स्टेशन की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, लेकिन आग की गंभीरता को देखते हुए झज्जर, रोहतक और दिल्ली से भी अतिरिक्त दमकल गाड़ियां बुलानी पड़ीं। फिलहाल आग बुझाने का काम लगातार जारी है। प्रशासन और दमकल विभाग की टीमें आग पर पूरी तरह काबू पाने के प्रयास में जुटी हुई हैं। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है और नुकसान का आकलन आग बुझने के बाद किया जाएगा।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article