शहर

अमृतसर के रामबाग मार्केट में भीषण आग का तांडव, 25 दुकानें जलकर खाक; शटर से चिपका मिला व्यक्ति का शव

पंजाब के अमृतसर स्थित रामबाग मार्केट में गुरुवार शाम अचानक भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। यह आग बांस की सीढ़ियां और लकड़ी का सामान बनाने वाले खोखों में शुरू हुई, जो देखते ही देखते आसपास की कई दुकानों तक फैल गई। शुरुआती जांच में आग लगने का कारण तेज गर्मी और शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।

Image

अमृतसर के रामबाग मार्केट में लगी आग से हड़कंप (फोटो- PTI)

Photo : PTI

Amritsar Ram Bagh Market Fire: पंजाब के अमृतसर स्थित रामबाग मार्केट में गुरुवार शाम बांस की सीढ़ियां और लकड़ी का सामान बनाने वाले खोखों में अचानक भीषण आग लग गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक अत्यधिक गर्मी और शॉर्ट सर्किट को इस आग का संभावित कारण माना जा रहा है। आग ने कुछ ही समय में तेजी से फैलकर विकराल रूप ले लिया। इस बाजार में बांस, लकड़ी, स्पेयर पार्ट्स और करियाना समेत कई तरह की दुकानों की भरमार है, जिससे नुकसान की आशंका और भी बढ़ गई है।

एक स्कूटर भी जलकर खाक

आग लगने के बाद दुकानों में रखा पूरा सामान जलकर खाक हो गया। आग इतनी तेजी से फैली कि उसने आसपास की अन्य दुकानों को भी अपनी चपेट में ले लिया। इस दर्दनाक हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही जलकर मौत हो गई, हालांकि अभी तक उसकी पहचान नहीं हो सकी है। बताया जा रहा है कि शव दुकान के शटर से चिपका हुआ मिला। इसके अलावा एक एक्टिवा स्कूटर भी आग की लपटों में पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया।

पूरे इलाके में मची अफरातफरी

आग लगने के बाद पूरे इलाके में अफरातफरी का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और काफी देर तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद आग पर काबू पाया गया। एहतियात के तौर पर पुलिस ने हॉल गेट तक का रास्ता बंद कर दिया और आसपास की बिजली सप्लाई भी रोक दी गई, ताकि आग को और फैलने से रोका जा सके।

पुलिस और प्रशासन की टीमें अलर्ट मोड पर

फायर अधिकारी दिलबाग सिंह के अनुसार शाम करीब 6 बजे आग लगने की सूचना प्राप्त हुई थी। जब दमकल की टीम मौके पर पहुंची, तब तक आग कई खोखों और दुकानों में फैल चुकी थी। इस हादसे में लगभग 25 दुकानें प्रभावित हुईं, जहां रखा सामान, तैयार बांस की सीढ़ियां और अन्य सामग्री पूरी तरह जलकर राख हो गई। घटना के दौरान एक कर्मचारी के दुकान के अंदर ही जिंदा जलने की भी जानकारी सामने आई है। देर रात तक आग बुझाने का काम जारी रहा। वहीं, पुलिस और प्रशासन की टीमें मामले की जांच में जुटी हुई हैं।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदी author

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अप... और देखें

End of Article