Ghaziabad Fire News: गाजियाबाद के इंदिरापुरम इलाके में देर रात गौर बिज पार्क में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते आग इतनी तेजी से फैली कि पूरी बिल्डिंग धुएं से भर गई। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की 12 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल टीम ने करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। राहत की बात यह है कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
धुएं से भरी पूरी बिल्डिंग
फायर विभाग के अनुसार, 27 मई को रात 11:52 बजे सूचना मिली कि अभय खंड-2 स्थित गौर बिजनेस पार्क में आग लग गई है। जब टीम मौके पर पहुंची तो पता चला कि बिल्डिंग के एलिवेशन में लगी लकड़ी और केबल्स में आग भड़की थी, जिसके कारण पूरी बिल्डिंग में धुआं फैल गया। हालांकि अभी आग लगने की वजह का पता नहीं चल पाया है। इस बिल्डिंग में नीचे कमर्शियल दुकानें बनी थी और ऊपर ऑफिस हैं।
लॉक दफ्तरों का ताला तोड़कर अंदर पहुंची दमकल टीम
दमकल कर्मियों ने तुरंत होज पाइप बिछाकर आग बुझाने का काम शुरू किया। हादसे के दौरान कई ऑफिस लॉक होने के कारण दमकल टीमों ने ताले को काटकर अंदर प्रवेश किया। वहीं दूसरी टीम बीए सेट पहनकर पीछे की दीवार तोड़ते हुए अंदर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। आग के विकराल रूप को देखते हुए फायर स्टेशन कोतवाली और साहिबाबाद से अतिरिक्त दमकल गाड़ियां मौके पर बुलाई गईं। साथ ही गौतमबुद्ध नगर से वाटर बाउजर और आर्टिकुलेटिंग टावर भी घटनास्थल पर भेजे गए। करीब 12 दमकल गाड़ियों और कई टीमों की मदद से आग को पूरी तरह बुझा लिया गया। फायर विभाग के अधिकारियों ने बताया कि सूझबूझ और त्वरित कार्रवाई की वजह से बड़ा हादसा टल गया। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
