Chhattisgarh Sakti Boiler Blast: छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में मंगलवार को एक विद्युत संयंत्र के बॉयलर में हुए विस्फोट के कारण आग लगने से 13 श्रमिकों की मौत हो गई तथा 21 अन्य घायल हो गए। पुलिस अधिकारियों ने यह जानकारी दी।मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने घटना पर दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों को पांच लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये मुआवजा देने की घोषणा की है।
साय ने बिलासपुर संभाग के कमिश्नर को इस घटना की जांच करने का आदेश दिया है। वहीं जिला प्रशासन ने भी इस घटना की मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए हैं।सक्ती के पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर ने बताया कि यह धमाका अपराह्न करीब 2:30 बजे जिले के डभरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत सिंघीतराई गांव में स्थित वेदांता लिमिटेड के विद्युत संयंत्र में बॉयलर से टरबाइन तक हाई-प्रेशर भाप पहुंचाने वाली एक ट्यूब में हुआ।
पुलिस अधीक्षक ठाकुर ने बताया, ’’इस घटना में चार श्रमिकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य ने अस्पतालों में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घायलों को पड़ोसी रायगढ़ और बिलासपुर जिले के अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।’’ रायगढ़ में औद्योगिक सुरक्षा विभाग के एक अधिकारी ने बताया, "अस्पतालों में इलाज के दौरान नौ अन्य श्रमिकों की मृत्यु हुई है। वहीं 21 घायल श्रमिकों का अलग-अलग अस्पतालों में इलाज किया जा रहा है।" मुख्यमंत्री साय ने हादसे पर शोक जताया है तथा मामले की जांच के निर्देश दिए।
वहीं पीएम मोदी ने इस हादसे को लेकर ट्टीट किया- 'छत्तीसगढ़ के सक्ती ज़िले में एक पावर प्लांट में हुई दुर्घटना दुखद है। मैं उन लोगों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है। ईश्वर करे कि घायल जल्द से जल्द ठीक हो जाएं। स्थानीय प्रशासन प्रभावित लोगों की सहायता कर रहा है। PMNRF की ओर से प्रत्येक मृतक के परिजनों को 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे'
विस्फोट इतना तेज था कि इसकी आवाज दूर-दूर तक सुनी गई
बताया जा रहा है कि विस्फोट इतना तेज था कि इसकी आवाज दूर-दूर तक सुनी गई। प्रारंभिक तौर पर तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है। प्रशासन ने मामले की जांच के निर्देश दे दिए हैं और घायलों के बेहतर उपचार के लिए आवश्यक इंतजाम किए जा रहे हैं।
घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, पुलिस और राहत-बचाव दल तत्काल मौके पर पहुंच गए। घायलों को एंबुलेंस की सहायता से नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। उनका इलाज जारी है। हादसे के बाद प्लांट प्रबंधन के अधिकारी भी मौके पर मौजूद हैं वहीं घटना के कारणों की जांच के निर्देश भी दे दिए गए हैं।
