शहर

VIDEO: 51 रुपये की साड़ी ऑफर ने जालना में मचाई अफरातफरी, पुलिस ने संभाला मोर्चा

होली से पहले महाराष्ट्र के जालना शहर में एक साड़ी ऑफर ने अचानक हंगामे की स्थिति पैदा कर दी। 51 रुपये में साड़ी देने की घोषणा के बाद दुकान के बाहर महिलाओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी, जिससे यातायात भी प्रभावित हुआ। हालात बिगड़ने पर पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा और प्रशासन ने भविष्य में ऐसी योजनाओं के लिए अनुमति अनिवार्य करने की बात कही।

Image

जालना में साड़ी ऑफर से हंगामा

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Jalna ₹51 Saree Offer News: होली का त्योहार करीब है। इसी के बीच महाराष्ट्र के जालना शहर के पुराना मोंढा क्षेत्र में एक कपड़ा व्यापारी द्वारा घोषित खास साड़ी ऑफर के चलते अचानक भारी भीड़ जमा हो गई। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, व्यापारी ने घोषणा की थी कि पहली 51 महिलाओं को मात्र 51 रुपये में साड़ी दी जाएगी। जैसे ही यह खबर शहर में फैली, बड़ी संख्या में महिलाएं दुकान के बाहर पहुंच गईं।

सड़कों पर यातायात बाधित

बताया जा रहा है कि, देखते ही देखते दुकान के सामने लंबी कतारें लग गईं और हालात अव्यवस्थित हो गए। भीड़ इतनी बढ़ गई कि आसपास की सड़कों पर यातायात बाधित हो गया और कुछ समय के लिए जाम की स्थिति पैदा हो गई। पर्याप्त सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण की व्यवस्था न होने से स्थानीय दुकानदारों और राहगीरों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

प्रशासन को सूचित करने सलाह

ऐसे में, स्थिति बिगड़ती देख स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सदर बाजार पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और हालात पर काबू पाया। जांच में सामने आया कि ऑफर शुरू करने से पहले किसी तरह की प्रशासनिक अनुमति या सुरक्षा इंतजाम नहीं किए गए थे। पुलिस अधिकारियों ने संबंधित दुकानदार को भविष्य में ऐसी योजनाएं लागू करने से पहले प्रशासन को सूचित करने और जरूरी सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने की सख्त हिदायत दी।

प्रशासन ने की नागरिकों से अपील

बताया गया है कि, इसके बाद दुकानदार ने यह ऑफर तत्काल प्रभाव से वापस लेने का भरोसा दिया। पुलिस की कार्रवाई के बाद धीरे-धीरे भीड़ छंट गई और यातायात व्यवस्था सामान्य हो गई। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि इस तरह के आकर्षक ऑफर के दौरान शांति और अनुशासन बनाए रखें। साथ ही स्पष्ट किया गया है कि आगे से ऐसी किसी भी योजना के लिए पूर्व अनुमति और पर्याप्त सुरक्षा प्रबंध अनिवार्य होंगे।

atul. Singh
अतुल सिंहauthor

मैं अतुल सिंह,मैं 14 वर्षों से अधिक समय से टीवी पत्रकारिता में विभिन्न क्षेत्रों को खबरों को कवर करने वाला अनुभवी पत्रकार हूं। वर्तमान में Times Now नवभारत के लिए principal correspondent हूं। मैंने इंडिया टीवी, ज़ी न्यूज़,IBN 7 (न्यूज़ 18),Lemon न्यूज़ जैसे प्रमुख मीडिया संगठनों के साथ भी काम किया है। मनोरंजन,नागरिक मुद्दे ,इंफ्रा,राजनीति,आम और विधानसभा चुनाव और अपराध जैसे विषयों को बखूबी कवर किया है। वर्तमान में मुम्बई ब्यूरो से जुड़ा हुआ हूं। कई राष्ट्रीय मुद्दों से जुड़े कई विशेष खबरें भी कवर किया है।

और पढ़ें
End of Article