शहर

Bijapur News: BJP से जुड़ने पर बौखलाए माओवादी, 2 पूर्व सरपंचों को उतारा मौत के घाट; पर्ची में लिखा ये संदेश

छत्तीसगढ़ के बीजापुर में माओवादियों ने दो पूर्व सरपंचों की हत्या कर बड़ा संदेश दिया है। उन्होंने पूर्व सरपंचों के बीजेपी से जुड़ने पर आपत्ति जताते हुए हत्या को अंजाम दिया है।

Image

Bijapur News: BJP से जुड़ने पर बौखलाए माओवादी, 2 पूर्व सरपंचों को उतारा मौत के घाट; पर्ची में लिखा ये संदेश

बीजापुर: छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में संदिग्ध माओवादियों ने दो पूर्व सरपंचों का अपहरण कर उनकी हत्या कर दी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले के नैमेड़ और भैरमगढ़ थाना क्षेत्र में संदिग्ध माओवादियों ने पूर्व सरपंच सुखराम अवलम और सुकलु फरसा की अपहरण के बाद हत्या कर दी। सुखराम नैमेड़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत कडेर गांव का तथा फरसा भैरमगढ़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत बिरयाभूमि गांव का निवासी था। बताया कि कडेर गांव निवासी पूर्व सरपंच अवलम बीजापुर के शांतिनगर में निवास कर रहा था। बुधवार को वह खेती के काम से अपने गांव कडेर गया हुआ था।

पर्चे में लिखा ये संदेश

अधिकारियों ने बताया कि अलवल कडेर से अपने निजी कार्य के लिए करीब के गांव कैका गांव गया हुआ था। जब वह वहां से वापस अपने गांव कडेर लौट रहा था तब शाम लगभग साढे छह बजे दो अज्ञात व्यक्ति वहां पहुंचे और सुखराम को जंगल की ओर ले गए। रात लगभग नौ बजे सुखराम की हत्या कर शव को कडेर-कैका मार्ग पर फेंक दिया गया। घटनास्थल से माओवादियों के गंगालूर एरिया कमेटी द्वारा जारी पर्चा बरामद किया गया है।

अपहरण के बाद हत्या

इसी तरह की एक अन्य घटना में संदिग्ध माओवादियों ने पूर्व सरपंच सुकलु फरसा की अपहरण के बाद हत्या कर दी है। माओवादियों ने सोमवार को बिरयाभूमि गांव के रास्ते में पूर्व सरपंच सुकलु फरसा का अपहरण कर लिया था। बुधवार को परिजन और बेटी यामिनी फरसा ने सोशल मीडिया में पिता को छोड़ने की अपील की थी। लेकिन बाद में फरसा का शव बरामद किया गया। घटनास्थल से माओवादियों का पर्चा बरामद किया गया है जिसमें माओवादियों ने फरसा पर भाजपा से जुड़ने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शवों को कब्जे में ले लिया है तथा मामले की जांच की जा रही है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article