बिहार के मोतिहारी से दर्दनाक खबर सामने आई है। मोतिहारी के ढाका में टॉयलेट टैंक का सेंटरिंग खोलने के दौरान जहरीली गैस से चार लोगों की मौत हो गई और कई लोगों की हालत गंभीर है। जानकारी के मुताबिक, नव निर्मित टॉयलेट टैंक का सेंटरिंग खोलने का काम चल रहा था, जिस दौरान यह हादसा हो गया। घटना में चार की मौत हो गई और कई लोगों की हालत गंभीर है।
अस्पताल में जमकर तोड़-फोड़
इस दर्दनाक हादसे के बाद मरीज को लेकर परिजन जब अनुमंडलीय अस्पताल लाए तो लोगों ने आरोप लगाया कि समय रहते समुचित इलाज नहीं होने से कुछ लोगों की मौत हो गई। मृतकों के परिजनों ने अस्पताल में जमकर तोड़-फोड़ की और शव रखकर हंगामा किया।
मोतिहारी के ढाका की घटना
बता दें पूरी घटना मोतिहारी के ढाका नगर परिषद क्षेत्र की है। जहां रामचंद्र ठाकुर के घर में टॉयलेट का टैंक बना था, जिसके अंदर का सेंटरिंग मजदूर खोल रहे थे। तभी टैंक से निकली गैस से मजदूर बेहोश हो गए, जिसमें सभी की हालत बिगड़ गई और सभी को ढाका अनुमंडलीय अस्पताल लाया गया, जहां चार लोगो की मौत हो गई।
मरने वालों में योगेंद्र यादव, अब्दुल बकर, हुसैन अंसारी और वसी अहमद शामिल हैं। तीन लोगों की हालत गंभीर है, जिनका इलाज जारी है।
इनपुट-आईएएनएस
