Betul Coal Mine: मध्य प्रदेश के बैतूल जिले की कोयला खदान में गुरुवार को बड़ा हादसा हो गया। कोयला खदान के एक फेज का स्लैब गिरने से कई मजदूर मलबे में दब गए। इस हादसे के तत्काल बाद राहत एवं बचाव अभियान चलाया गया है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, खदान में हादसे से तीन मजदूरों की मौत हो गई, जिनके शव निकाले गए हैं।
बैतूल कोयला खदान
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि बैतूल जिले में वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड की कोयला खदान में स्लैब गिरने से एक सुपरवाइजर समेत तीन लोगों की मौत हो गई है। उन्होंने बताया कि यह हादसा जिला मुख्यालय से करीब 65 किलोमीटर दूर छतरपुर इलाके में सरकारी स्वामित्व वाली कोल इंडिया लिमिटेड की सहायक कंपनी डब्ल्यूसीएल की भूमिगत खदान में हुआ।
पुलिस अधीक्षक निश्चल झारिया ने अस्पताल से समाचार एजेंसी 'पीटीआई' के साथ बातचीत में बताया कि कोयला खदान में स्लैब गिरने के बाद मलबे के नीचे से निकाले गए डब्ल्यूसीएल के तीन कर्मचारियों की मौत हो गई है। मृतकों में दो स्थानीय, जबकि तीसरा व्यक्ति पड़ोसी राज्य छत्तीसगढ़ के कवर्धा का बताया जा रहा है।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
अधिकारी ने बताया कि उसके परिवार से संपर्क किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, स्लैब दोपहर करीब तीन बजे गिरी।
