Dhar Road Accident: मध्य प्रदेश के धार जिले में रविवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में छह लोगों की मौत हो गई। हादसा बदनावर थाना क्षेत्र में बदनावर-उज्जैन राजमार्ग पर पंचक वासा के पास हुआ, जहां एक तेज रफ्तार कंटेनर ट्रक ने कार को जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना में कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार सभी छह लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
मध्य प्रदेश के धार में भीषण सड़क हादसा
उज्जैन की ओर से आ रहा था कंटेनर ट्रक
पुलिस के मुताबिक, हादसा दोपहर करीब डेढ़ बजे हुआ। उज्जैन की ओर से आ रहा कंटेनर ट्रक बदनावर से करीब चार किलोमीटर दूर पंचक वासा के नजदीक पहुंचा था। इसी दौरान उसकी कार से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी का माहौल बन गया।
गुजरात के रहने वाले थे सभी मृतक
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पारुल बेलापुरकर ने बताया कि दुर्घटना में जान गंवाने वाले सभी लोग गुजरात के निवासी थे। पुलिस ने अब तक चार मृतकों की पहचान कर ली है, जबकि दो अन्य की पहचान की प्रक्रिया जारी है। मृतकों के परिजनों को घटना की जानकारी देने की कार्रवाई भी की जा रही है।
कंटेनर ट्रक के चालक को हिरासत में लिया गया
पुलिस अधिकारी के अनुसार, दुर्घटना के बाद कंटेनर ट्रक के चालक को हिरासत में ले लिया गया है। पुलिस ने मामले में आवश्यक धाराओं के तहत रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हादसे की वास्तविक वजह का पता लगाने के लिए घटनास्थल की जांच की जा रही है। दुर्घटना के बाद पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि मृतकों की पहचान और अन्य जरूरी जानकारी सामने आने के बाद उसे साझा किया जाएगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। हादसे के बाद कुछ देर तक यातायात प्रभावित रहा।
