Assam Road Accident: असम के कामरूप मेट्रोपॉलिटन जिले में रविवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि सात अन्य लोग घायल हो गए। मृतकों में एक महिला भी शामिल है। बताया जा रहा है कि यह दुर्घटना गुवाहाटी के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर टेटेलिया इलाके में सोनापुर के पास हुई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
मिनीबस गुवाहाटी की ओर जा रही थी
पुलिस के अनुसार, हादसा उस समय हुआ जब यात्रियों से भरी एक मिनीबस गुवाहाटी की ओर जा रही थी। इसी दौरान सामने से एक ट्रक आ रहा था। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, मिनीबस के चालक का वाहन पर नियंत्रण बिगड़ गया, जिसके बाद बस सामने से आ रहे ट्रक से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मिनीबस में सवार कई यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों का इलाज जारी
गुवाहाटी पुलिस के अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (ट्रैफिक) सफीकुल हुसैन ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और अन्य राहत दल मौके पर पहुंचे। हादसे में चार लोगों की जान चली गई। मृतकों में एक महिला भी शामिल है। वहीं, घायल सात लोगों को तत्काल सोनापुर सिविल अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद घायलों की स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, घायलों का इलाज जारी है।
राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर यातायात बुरी तरह प्रभावित
दुर्घटना के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ। हादसे के बाद सड़क के दोनों ओर बड़ी संख्या में वाहन फंस गए, जिससे इलाके में भारी जाम की स्थिति बन गई। यातायात व्यवस्था सामान्य करने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और वाहनों की आवाजाही बहाल कराने के प्रयास शुरू किए। पुलिस दुर्घटना के कारणों की भी जांच कर रही है।
