Gorakhpur Road Accident: गोरखपुर-वाराणसी हाईवे पर शुक्रवार को बड़ा हादसा हो गया। बता दें कि गोरखपुर स्थित गगहा के सराय चौराहे के पास दो रोडवेज बसों की आपस में टक्कर होने की वजह से 27 से अधिक यात्री घायल हो गए, जिनमें से कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, यात्री महाकुंभ स्नान करके लौट रहे थे।
डुबकी लगाकर लौट रहे थे श्रद्धालु
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बस में सवार श्रद्धालु हरिद्वार और प्रयागराज के आयोजित महाकुंभ में 'आस्था की डुबकी' लगाकर लौट रहे थे। दो बसों के बीच इतनी भीषण भिड़ंत हुई कि अफरा-तफरा मच गई। मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने घायल की तत्काल मदद की और पुलिस को बस दुर्घटना की सूचना दी।
राहत एवं बचाव कार्य जारी
पुलिस व प्रशासन की टीम ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को उपचार के लिए गगहा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में भर्ती कराया, जहां से गंभीर रूप से घायल श्रद्धालुओं को गोरखपुर स्थानांतरित किया गया।
कैसे हुआ हादसा?
शुरुआती जांच के मुताबिक, तेज गति से पीछे से आ रही बस ने आगे चल रही बस को टक्कर मारी। दरअसल, आगे चल रही बस ने किसी वजह से अपनी रफ्तार कम की और पीछे चल रही बस के ड्राइवर को ब्रेक लगाने का मौका नहीं मिल पाया जिसकी वजह से दोनों की बीच भीषण भिड़ंत हुई। पुलिस ने दोनों बसों के ड्राइवर को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
