शहर

Mathura Boat Accident : यमुना बोट हादसे में उजड़ गए कई परिवार, नाव पलटने से पहले राधे-राधे का जप कर रहे थे श्रद्धालु, अभी भी कई लापता

  • Agency by: Agency
  • Updated Apr 11, 2026, 08:20 AM IST

Mathura Boat Accident : इस हादसे ने कई रिश्तों को भी हमेशा के लिए तोड़ दिया है। अब तक इस हादसे में 10 लोगों की मौत होने की खबर है जबकि कई अन्य लापता हैं। इस हादसे के कई वीडियो सामने आए हैं।

Image

मथुरा में शुक्रवार को यमुना नदी में पलटी नाव।

Photo : ANI

Mathura News: मथुरा के पास शुक्रवार को यमुना नदी में नाव पलटने की भयावह घटना हुई। इस घटना ने कई परिवारों की खुशियां छीन ली है। कइयों के परिवार उजड़ गए हैं। बोट में सवार लोगों को जरा भी अंदेशा नहीं था कि आने वाले पल उनके लिए बेहद भारी साबित होने जा रहे हैं। इस हादसे ने कई रिश्तों को भी हमेशा के लिए तोड़ दिया है। अब तक इस हादसे में 10 लोगों की मौत होने की खबर है जबकि कई अन्य लापता हैं। इस हादसे के कई वीडियो सामने आए हैं। एक वीडियो में नाव पर बैठे श्रद्धालु राधे-राधे का जप करते नजर आए हैं। एक वीडियो में लोग तैरकर नदी से बाहर निकलना चाहते हैं।

नौका में दो दर्जन से अधिक पर्यटक सवार थे

मथुरा के जिलाधिकारी (डीएम) चंद्र प्रकाश सिंह ने इस हादसे में छह लोगों की मौत की पुष्टि करते हुए बताया था कि सभी पर्यटक पंजाब के रहने वाले थे। इसके बाद अधिकारियों ने कहा कि बचाव दल ने चार और लोगों के शव बरामद किये हैं, जिससे मरने वालों की संख्या बढ़कर 10 हो गई है। बताया जा रहा है कि नौका में दो दर्जन से अधिक पर्यटक सवार थे। एक आधिकारिक सूची के अनुसार मृतकों की पहचान कविता रानी (49), चरनजीत (40), रिकेश गुलाटी, मधुर बहल, आशा रानी, पिंकी बहल (38), अंजू गुलाटी, ईशान कटारिया, मीनू बंसल और सपना हंस (55) के रूप में हुई।

आठ लोग अस्पताल में भर्ती

बयान में कहा गया कि आठ घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसके अलावा नौका पर सवार रहे 14 लोगों की सामान्य स्थिति है। बयान में कहा गया है कि पांच लोग अब भी लापता है, जिनमें मानिक टंडन, पंकज मल्होत्रा, ऋषभ शर्मा, यश भल्ला और मोनिका के नाम शामिल हैं। राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ), अग्निशमन सेवा, नागरिक सुरक्षा, सेना की टीम लगभग 50 स्थानीय गोताखोरों के साथ मिलकर बचाव अभियान चला रही हैं।

15 लोगों को नदी से बाहर निकाला

अधिकारियों के मुताबिक गुलाब नामक एक स्थानीय गोताखोर ने बताया कि अब तक लगभग 15 लोगों को नदी से बाहर निकाला जा चुका है। प्रत्यक्षदर्शियों ने मीडिया को बताया कि तेज हवाओं के कारण नौका बीच नदी में तेजी से डगमगाने लगी और एक पुल से टकराकर वह पलट गई। जिलाधिकारी ने बताया कि दुर्घटना के समय नाव पर मौजूद लोगों की कुल संख्या का पता नहीं चल पाया है लेकिन उनके साथ गये लोगों का कहना है कि पांच लोग अब भी लापता हैं, जिनकी तलाश में पुलिस, एसडीआरएफ, अग्निशमन सेवा, नागरिक सुरक्षा, सेना तथा स्थानीय गोताखोर आदि जुटे हुए हैं।

एक बड़े समूह का हिस्सा थे पंजाब से आए श्रद्धालु

अधिकारियों ने बताया कि ये श्रद्धालु पंजाब के लुधियाना और अन्‍य शहरों से आए लगभग 150 तीर्थयात्रियों के एक बड़े समूह का हिस्सा थे। उन्होंने कहा कि यह दुर्घटना केसी घाट के पास तब हुई, जब नौका गहरे पानी में जाने के बाद एक तैरते हुए पोंटून (पीपा पुल का एक हिस्सा) से टकरा गई। अधिकारियों ने बताया कि इलाके में पानी का स्तर बढ़ने के कारण पीपा पुल को हाल ही में हटा दिया गया था, जिससे नदी में कुछ पोंटून खुले रह गए थे। ऐसा माना जा रहा है कि उन्हीं में से एक पोंटून से टकराने के कारण नौका पलटी। इस बीच, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस दुखद हादसे का संज्ञान लिया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति गहरा शोक व्यक्त करते हुए संवेदना प्रकट की।

सीएम योगी ने अधिकारियों को निर्देश दिए

आदित्यनाथ ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाई जाए और घायलों को तुरंत बेहतर चिकित्सा सुविधा मुहैया कराई जाए। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को नियमानुसार उचित मुआवजा देने के भी निर्देश दिए। एक आधिकारिक जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री के निर्देश पर गन्ना विकास एवं चीनी मिलें मंत्री चौधरी लक्ष्मीनारायण एवं मांट क्षेत्र के विधायक राजेश चौधरी भी राहत एवं बचाव कार्य का निरीक्षण करने वृन्दावन में घटनास्थल पहुंच गए हैं। अपर पुलिस महानिदेशक अनुपम कुलश्रेष्ठ, मण्डल आयुक्त नगेंद्र प्रताप, पुलिस उप महानिरीक्षक शैलेष कुमार पाण्डेय, जिलाधिकारी चंद्रप्रकाश सिंह इत्यादि अधिकारी भी मौके पर पहुंचकर राहत कार्यों एवं लापता तीर्थयात्रियों को ढूंढने के कार्यों की निगरानी कर रहे हैं।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

End of Article