Greater Noida West Food Poisoning Case: एक तरफ जहां महाशिवरात्रि पर लोगों ने विधिपूर्वक व्रत कर भगवान शिव का पूजन-अर्चन किया, तो वहीं व्रत के दौरान फलाहार में इस्तेमाल होने वाले कुट्टू का आटे को लेकर ग्रेटर नोएडा से फूड पॉइजनिंग का गंभीर मामला सामने आ रहा है। जानकारी के मुताबिक, ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित इको विलेज-3, रॉयल कोर्ट और हिमालय प्राइड सोसाइटी में महाशिवरात्रि के व्रत के दौरान कुट्टू का आटा खाने के बाद 40 से ज्यादा लोग बीमार हो गए। कई लोगों की तबीयत ज्यादा बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। एक साथ इतनी बड़ी संख्या में लोगों के अस्वस्थ होने से दोनों सोसाइटियों में चिंता और अफरातफरी का माहौल बन गया।
कुट्टू के आटे से तैयार व्यंजन खाए थे
इको विलेज-3 के निवासियों ने बताया कि महाशिवरात्रि के मौके पर शाम के समय व्रत खोलने के लिए कुट्टू के आटे से तैयार व्यंजन खाए गए थे। इन्हें खाने के थोड़ी ही देर बाद कई लोगों को पेट में तेज दर्द, उल्टी और दस्त जैसी समस्याएं शुरू हो गईं। देखते ही देखते 25 से ज्यादा लोग अस्वस्थ हो गए। जिनकी हालत अधिक गंभीर थी, उन्हें तुरंत निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। वर्तमान में सभी मरीजों की स्थिति सामान्य और नियंत्रण में बताई जा रही है। कुछ लोगों को इलाज के बाद घर भेज दिया गया है, जबकि अन्य अब भी डॉक्टरों की देखरेख में हैं।
हिमालय प्राइड सोसाइटी में भी लोग पड़े बीमार
हिमालय प्राइड सोसाइटी के निवासियों का कहना है कि वहां भी करीब 15 लोग कुट्टू का आटा खाने के बाद बीमार पड़ गए। सभी प्रभावित लोगों का उपचार अलग-अलग प्राइवेट अस्पतालों में जारी है। रात में जब यह जानकारी सोसाइटी के व्हाट्सएप ग्रुप पर साझा हुई, तो हड़कंप मच गया और बीमार लोगों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया।
कहां से खरीद था कुट्टू का आटा?
स्थानीय लोगों के अनुसार, कुछ परिवारों ने कुट्टू का आटा पास के बाजार से खरीदा था, जबकि कुछ ने इसे ऑनलाइन मंगवाया था। आशंका व्यक्त की जा रही है कि आटा खराब या मिलावटी हो सकता है, जिसके कारण फूड पॉइजनिंग की स्थिति बनी। इस घटना के बाद खाद्य विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। निवासियों का आरोप है कि बाजार में मिलावटी खाद्य सामग्री की बिक्री पर नियंत्रण रखने में विभाग प्रभावी कदम नहीं उठा पा रहा है। हालांकि, इस मामले में खाद्य विभाग की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
