Tamil Nadu Firecracker Factory Explosion: जहां एक ओर तमिलनाडु में चुनावी तैयारियां जोरों पर हैं तो वहीं दूसरी तरफ राज्य के विरुधुनगर जिले में दर्दनाक हादसा हो गया जिसने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है। यहां कट्टनारपट्टी गांव में स्थित एक पटाखा बनाने वाली एक फैक्ट्री में हुए विस्फोट में कम से कम 23 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। यह धमाका ‘वनजा’ नामक निजी पटाखा निर्माण इकाई में हुआ, जो मुथुमणिक्कम नामक व्यक्ति की बताई जा रही है।
तमिलनाडु की पटाखा फैक्ट्री जोरदार विस्फोट (फोटो: ANI)
प्रारंभिक जांच में क्या सामने आया?
यह क्षेत्र वचकारापट्टी पुलिस थाना सीमा के अंतर्गत आता है। पुलिस और अग्निशमन विभाग के अनुसार, घायलों में से चार की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है और उनका इलाज विरुधुनगर सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में चल रहा है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि फैक्ट्री को पेट्रोलियम एंड एक्सप्लोसिव सेफ्टी ऑर्गनाइजेशन (PESO), नागपुर से लाइसेंस प्राप्त था।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने जताया शोक
इस घटना के बाद पूरे राज्य में हड़कंप मच गया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी इस घटना पर अपना दुख जाहिर करते हुए एक्स पर लिखा कि, "तमिलनाडु के विरुधुनगर जिले में पटाखा फैक्ट्री में हुए दुखद हादसे में हुई जानमाल की हानि अत्यंत पीड़ादायक है। मैं शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। साथ ही, मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।"
100 से ज्यादा मजदूर कर रहे थे काम
घटना के समय परिसर में 100 से ज्यादा मजदूर काम कर रहे थे। बताया जा रहा है कि विस्फोट की शुरुआत फैक्ट्री के सामने वाले बरामदे से हुई, जहां कर्मचारी कच्चे माल के साथ पटाखों की फिनिशिंग का काम कर रहे थे। धमाका इतना जबरदस्त था कि कम से कम तीन कमरे पूरी तरह ध्वस्त हो गए, जबकि आसपास की कई इमारतें भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। एक पुलिस अधिकारी के मुताबिक, अब तक कई शव बरामद किए जा चुके हैं, जिनमें से कई की पहचान करना भी मुश्किल हो रहा है क्योंकि वे बुरी तरह झुलस चुके हैं।
मुख्यमंत्री स्टालिन ने दिए राहत और बचाव कार्यों के निर्देश
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन ने दुर्घटना पर संज्ञान लिया और शोक व्यक्त करते हुए अपने एक्स पर लिखा कि, "विरुधुनगर जिले के कट्टनपट्टी में पटाखा फैक्ट्री में हुए विस्फोट में कई लोगों की मौत की खबर बेहद दुखद और हृदय विदारक है। इस हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। मैंने मंत्रियों के.के.एस.एस.आर. रामचंद्रन और थंगम थेनारसु से तुरंत घटनास्थल पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्यों को तेज करने, उनकी निगरानी करने और प्रभावित परिवारों को सांत्वना देने का अनुरोध किया है। इसके साथ ही, मैंने जिला कलेक्टर से संपर्क कर सभी आवश्यक सहायता और समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए हैं।"
