कानपुर : जिले मंगलवार को अपनी पत्नी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने के तुरंत बाद 32 वर्षीय एक व्यक्ति ने थाने के बाहर कथित तौर पर खुद को आग लगा ली, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया। पुलिस ने बताया कि उसे बचाने की कोशिश में थाना प्रभारी समेत चार पुलिसकर्मी भी झुलस गए। पुलिस के अनुसार, महेश पासी मंगलवार दोपहर महाराजपुर थाने पहुंचा और शिकायत दर्ज कराई कि उसकी पत्नी ने उसके साथ मारपीट की और वह उसके साथ रहने को तैयार नहीं है।
अपर पुलिस उपायुक्त (पूर्व) शिवा सिंह ने बताया कि शिकायत दर्ज कराने के तुरंत बाद महेश थाने के बाहर गया, अपने ऊपर ज्वलनशील पदार्थ डाला, खुद को आग लगा ली और जलती अवस्था में थाना परिसर में वापस आ गया। उन्होंने बताया कि थाना प्रभारी जनार्दन सिंह, ड्यूटी अधिकारी तथा दो कांस्टेबल तुरंत उसे बचाने के लिए पहुंचे।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें - CJP Protest:'दर्द में भी नहीं झुकेंगे'... सोनम वांगचुक ने भूख हड़ताल खत्म करने से किया इनकार
पुलिसकर्मी भी झुलसे
अधिकारी ने बताया कि उन्होंने महेश को कंबल में लपेटकर आग बुझाई और उसे उपचार के लिए उर्सला अस्पताल की ’बर्न यूनिट’ भेजा। उन्होंने बताया कि बचाव के दौरान थाना प्रभारी के हाथ और चेहरा झुलस गए, जबकि एक उपनिरीक्षक और दो कांस्टेबल भी झुलस गए।
सिंह ने ’पीटीआई-भाषा’ को बताया, ’’शिकायत दर्ज कराने के बाद व्यक्ति ने थाने के बाहर अपने ऊपर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा ली और जलती अवस्था में थाना परिसर में घुस आया। उसे बचाने के प्रयास में पुलिसकर्मी भी झुलस गए।’’ प्रारंभिक जांच में पता चला कि यह घटना महेश और उसकी पत्नी पूनम के बीच लंबे समय से हो रहे घरेलू विवाद से जुड़ी है।
पुलिस के अनुसार, दोनों ने वर्ष 2015 में विवाह किया था और उनके दो बच्चे हैं। अपर पुलिस उपायुक्त ने बताया कि पूनम ने सोमवार को महेश के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी और आरोप लगाया था कि महेश शराब पीने के बाद अक्सर उसके साथ मारपीट करता है। उन्होंने बताया कि पूनम ने शिकायत में कहा कि सोमवार को भी महेश ने उसके साथ मारपीट की, जिससे वह घायल हो गई।
सरसौल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में हुई चिकित्सकीय जांच में उसके शरीर पर चोट के सात निशान की पुष्टि हुई। पुलिस के अनुसार, महेश की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका बर्न इलाज जारी है। वहीं घायल पुलिसकर्मियों का भी उपचार किया जा रहा है। पुलिस ने बताया कि मामले में कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
