Hyderabad News: भला बालों से मोह किसे नहीं होता। अच्छे-सुंदर बाल पाने की लालसा में लोग जाने कितने पापड़ बेलते हैं और कितने बेलने को तैयार होते हैं। बालों को खूबसूरत रखने की बात हो रही है और इसके लिए किए गए सारे जतनों के बाद अगर गंजेपन की समस्या होने लगे तब तो करेला के नीम चढ़ने की कहावत चरितार्थ हो आए।
हालांकि, ये समस्या बेहद आम है लेकिन कुछ लोगों को अपने बाल इतने प्यारे होते हैं या यूं कहें कि समाज के झेंप के कारण वह इस स्थिति को स्वीकार नहीं पाते। उन्हें अगर कहीं से खबर मिल जाए कि फलां दुर्गम जगह पर फलां बूटी से बाल वापस आ सकते हैं, तो शायद एक बार वहां जाने की भी कोशिश कर लें।
ऐसा ही कुछ हुआ हैदराबाद में। जहां एक बाल काटने वाले महोदय ने दावा किया कि उनके पास एक ऐसा लोशन है जो गंजे सिर पर भी बाल उगा सकता है। फिर क्या था सारी मेडिसिन की डिग्रियां एक तरफ, सारी एक्सपर्ट एडवाइस एक तरफ और महोदय की दवाई एक तरफ। खुद ही विकसित किए समाज, जो गंजेपन पर तंज करने से कतराता नहीं, उसकी झेंप ने बहुत से लोगों के विवेक को ताक पर रखवा दिया और महोदय की दुकान पर भीड़ उमड़ पड़ी।
क्या है मामला
वकील सलमानी नाम का एक हज्जाम जो मूल रूप से दिल्ली का रहने वाला था, हैदराबाद के चंदूलाल इलाके में आया। सलमानी ने दावा किया कि उसके पास एक ऐसा लोशन है, जो गंजे सिर पर बाल उगा सकता है। खबर फैलते ही उसके सैलून पर भीड़ बढ़ने लगी।
फतेह दरवाजा रोड पर स्थित 'बिग बॉस सैलून' में सलमानी ने पहले अपने ग्राहकों के बाल मुंडवाए और फिर ब्रश से एक सफेद लोशन लगाया। इसके बाद उसने ग्राहकों को सख्त हिदायत दी कि तीन दिन तक कोई भी साबुन, शैम्पू या तेल का इस्तेमाल न करे, ताकि दवा अपना असर दिखा सके।
अस्पताल के लगाने पड़े चक्कर
दवा ने बाल तो नहीं उगाए उल्टा कई और दिक्कतें बढ़ गईं। लोगों को सिर में कई तरह की समस्याएं दिखने लगीं। परेशानी के चलते 500 से ज्यादा लोगों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।
इधर बिगड़ती हालत देखकर सलमानी दुकान बंद कर रफूचक्कर हो लिया। मजे की बात है कि कुछ लोग अब भी बाल उगाने की उम्मीद लिए बंद दुकान पर आ कर निराश लौट जा रहे हैं।
