शहर

मोरबी में भीषण सड़क हादसा; घायल युवक को अस्पताल ले जा रही कार डंपर से टकराई, 5 की मौत

गुजरात के मोरबी जिले के हलवद तालुका में चराडवा और आंदरणा गांव के बीच एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें पांच लोगों की जान चली गई और दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा उस समय हुआ जब एक घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया जा रहा था।

Image

मोरबी में सड़क हादसे के बाद कार की हालत

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Morbi Road Accident: गुजरात के मोरबी जिले के हलवद तालुका में चराडवा और आंदरणा गांव के बीच हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद रणछोड़गढ़ गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। जानकारी के अनुसार, रणछोड़गढ़ निवासी परेश दिलीपभाई दढ़ैया (24) हलवद से लौट रहे थे, तभी मानसर के पास उनकी बाइक फिसल जाने से दुर्घटना हो गई। घटना की जानकारी मिलने पर उनके पिता दिलीपभाई भगवानभाई दढ़ैया समेत गांव के कुछ लोग किआ कार लेकर हलवद अस्पताल पहुंचे।

कार के परखच्चे उड़ गए

प्राथमिक इलाज के बाद परेश को बेहतर इलाज के लिए मोरबी ले जाने का निर्णय लिया गया। इसके बाद घायल परेश समेत कुल सात लोग कार में सवार होकर मोरबी के लिए रवाना हुए। लेकिन चराडवा के पास हाईवे पर उनकी कार आगे चल रहे डंपर के पीछे जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और मौके पर ही कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

इन पांच लोगों की हुई मौत

हादसे में इन पांच लोगों की मौत हो गई-

  1. सुरेश विसाभाई सिहोरा (45)
  2. विरम भीमाभाई दढ़ैया (28)
  3. परेश दिलीपभाई दढ़ैया (24)
  4. प्रेमजीभाई शंकरभाई दढ़ैया, हलवद तालुका पंचायत सदस्य
  5. भरतभाई प्रेमजीभाई दढ़ैया

दो लोग गंभीर रूप से घायल

बताया जा रहा है कि प्रकाश अमीरभाई दढ़ैया, उपसरपंच रणछोड़गढ़ ग्राम पंचायत और दिलीपभाई भगवानभाई दढ़ैया इस हादसे में घायल हो गए। दोनों को तुरंत उपचार के लिए मोरबी और राजकोट के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। हैरानी की बात यह रही कि जिस युवक को पहले हुए बाइक दुर्घटना के बाद इलाज के लिए अस्पताल ले जाया जा रहा था, वही सफर आगे चलकर एक और भीषण हादसे में बदल गया, जिसमें पांच लोगों की मौत हो गई। इस पूरी घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया था।

Dhruv Sanchania
ध्रुव संचानियाauthor

ध्रुव संचानिया गुजरात में टाइम्स नेटवर्क के सीनियर जर्नलिस्ट और ब्यूरो चीफ के पद पर कार्यरत हैं। ध्रुव ने प्रिंट, रेडियो, डिजिटल और टीवी पर शानदार काम किया है। क्राइम, इन्वेस्टिगेशन से लेकर इंसानी कहानियों तक में उनका काम गहराई से भरा होता है। जब वह हेडलाइन के पीछे नहीं भाग रहे होते तो वह सड़कों, सिनेमा और अगली छिपी हुई कहानी के पीछे भाग रहे होते हैं। उनका काम ऐसा है जो उन्हें अलग ला खड़ा करता है।

और पढ़ें
End of Article