Agra Metro Construction Accident: आगरा मेट्रो निर्माण कार्य के दौरान एक गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। थाना हरिपर्वत क्षेत्र के खंदारी मेट्रो स्टेशन के पास सिकंदरा कॉरिडोर पर चल रहे निर्माण के दौरान मेट्रो ब्रिज से लकड़ी का भारी स्लीपर नीचे गिर गया, जो आईएसबीटी के पास सर्विस रोड पर जा रही एक कार पर आकर गिरा।
हादसे में कार का आगे का शीशा टूट गया और चालक घायल हो गया। बताया जा रहा है कि स्लीपर चालक के सिर से महज कुछ इंच की दूरी पर गिरा, जिससे बड़ा हादसा टल गया, जबकि कुछ इंच और अंदर गिरने पर जान भी जा सकती थी।
सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। घायल चालक को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। यह घटना आगरा मेट्रो निर्माण में सुरक्षा मानकों को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती है।
