शहर

मुंबई एयरपोर्ट पर कस्टम की बड़ी कार्रवाई: 44 करोड़ की हाइड्रोपोनिक वीड, हीरे-सोना और विदेशी मुद्रा जब्त

मुंबई एयरपोर्ट पर कस्टम विभाग ने 24 फरवरी से 3 मार्च के बीच बड़ी कार्रवाई करते हुए 44.29 किलो हाइड्रोपोनिक वीड, हीरे, सोना और विदेशी मुद्रा जब्त की। बैंकॉक से आए 9 यात्रियों को NDPS एक्ट के तहत गिरफ्तार किया गया है।

Image

मुंबई एयरपोर्ट पर कस्टम की कार्रवाई।

मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट भारत के सबसे बड़े और व्यस्त एयरपोर्ट में से एक है, जिसके चलते यहां दूसरे देशों से तस्करी भी खूब होती है। इसी तस्करी पर लगाम लगाने के लिए कस्टम विभाग अपनी कमर कसे हुए है। इसी क्रम में मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर कस्टम विभाग ने 24 फरवरी से 3 मार्च के बीच बड़ी कार्रवाई करते हुए ड्रग्स, हीरे, सोना और विदेशी मुद्रा की तस्करी के कई मामलों का खुलासा किया है। कस्टम अधिकारियों ने बताया कि स्पॉट चेक और APIS प्रोफाइलिंग के आधार पर कुल कई मामले दर्ज किए गए, जिनमें बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित पदार्थ और कीमती सामान बरामद हुआ है।

44.29 किलो हाइड्रोपोनिक वीड जब्त

कस्टम अधिकारियों ने 8 मामलों में कुल 44.292 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक वीड जब्त की है। अंतरराष्ट्रीय अवैध बाजार में इसकी कीमत करीब ₹44.292 करोड़ बताई जा रही है। यह ड्रग्स बैंकॉक से आए 9 यात्रियों के पास से बरामद की गई। जिसके बाद इन सभी यात्रियों को नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (NDPS) एक्ट, 1985 के तहत गिरफ्तार कर लिया गया है।

इसके अलावा अधिकारियों ने 299 ग्राम मेथाक्वालोन नामक NDPS पदार्थ भी जब्त किया है, जिसकी अवैध बाजार में कीमत करीब ₹74.75 लाख आंकी गई है।

हीरे, सोना और विदेशी मुद्रा भी पकड़ी

कस्टम ने 05 अलग-अलग मामलों में विदेशी और भारतीय मुद्रा भी बरामद की, जिसकी कुल कीमत करीब ₹32.85 लाख है। इसके साथ ही 455 कैरेट प्राकृतिक और लैब-ग्रोन हीरे,जिनकी कीमत लगभग ₹94.97 लाख है,भी जब्त किए गए। अधिकारियों ने 160.790 ग्राम वजन के 21 कैरेट सोने के टूटे हुए आभूषण भी बरामद किए, जिनकी कीमत करीब ₹21.51 लाख है।

इसके अलावा 1203.69 कैरेट के कटे और पॉलिश किए हुए कीमती रत्न- जिनमें पन्ना, माणिक, नीलम और अन्य मल्टी जेमस्टोन शामिल हैं, भी बरामद किए गए, जिनकी कीमत लगभग ₹15.16 लाख बताई गई है। कस्टम अधिकारियों के मुताबिक सभी मामलों में आगे की जांच जारी है और तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है।

atul. Singh
अतुल सिंहauthor

मैं अतुल सिंह,मैं 14 वर्षों से अधिक समय से टीवी पत्रकारिता में विभिन्न क्षेत्रों को खबरों को कवर करने वाला अनुभवी पत्रकार हूं। वर्तमान में Times Now नवभारत के लिए principal correspondent हूं। मैंने इंडिया टीवी, ज़ी न्यूज़,IBN 7 (न्यूज़ 18),Lemon न्यूज़ जैसे प्रमुख मीडिया संगठनों के साथ भी काम किया है। मनोरंजन,नागरिक मुद्दे ,इंफ्रा,राजनीति,आम और विधानसभा चुनाव और अपराध जैसे विषयों को बखूबी कवर किया है। वर्तमान में मुम्बई ब्यूरो से जुड़ा हुआ हूं। कई राष्ट्रीय मुद्दों से जुड़े कई विशेष खबरें भी कवर किया है।

और पढ़ें
End of Article