शहर

बिहार में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 15 IAS अधिकारियों का ट्रांसफर; देखें किसे कहां मिली तैनाती

बिहार में 15 आईएएस अधिकारियों का ट्रांसफर किया गया है, जिसमें दरभंगा प्रमंडल के आयुक्त हिमांशु कुमार राय को कोसी प्रमंडल के आयुक्त का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। पूर्णिया के जिला पदाधिकारी अंशुल कुमार को पूर्णिया प्रमंडल के आयुक्त का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।

Image

(प्रतीकात्मक फोटो)

पटना : बिहार सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग ने शुक्रवार को राज्य के प्रशासनिक ढांचे में बड़ा फेरबदल करते हुए भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के 15 अधिकारियों का तबादला किया और कई अधिकारियों को अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया। एक अधिसूचना में यह जानकारी दी गयी। विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, गन्ना उद्योग विभाग के अपर मुख्य सचिव के. सेंथिल कुमार को श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण विभाग का अपर मुख्य सचिव नियुक्त किया गया और उन्हें पिछड़ा वर्ग एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।

अधिसूचना में बताया गया कि इसके साथ ही एच. आर. श्रीनिवास को पिछड़ा वर्ग एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त कर दिया गया। अधिसूचना के अनुसार, कोसी प्रमंडल के आयुक्त राजेश कुमार को लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग (पीएचईडी) में प्रधान सचिव बनाया गया है। वहीं पथ निर्माण विभाग का अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे पंकज कुमार पाल को विभाग का पूर्णकालिक सचिव नियुक्त किया गया है। राज्य सरकार ने कई प्रमंडलों में आयुक्तों के स्तर पर भी फेरबदल किया। अधिसूचना के अनुसार, मुंगेर प्रमंडल के आयुक्त प्रेम सिंह मीणा को भागलपुर प्रमंडल का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।

दरभंगा प्रमंडल के आयुक्त हिमांशु कुमार राय का तबादला

वहीं दरभंगा प्रमंडल के आयुक्त हिमांशु कुमार राय को कोसी प्रमंडल के आयुक्त का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। पूर्णिया के जिला पदाधिकारी अंशुल कुमार को पूर्णिया प्रमंडल के आयुक्त का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। भागलपुर प्रमंडल के आयुक्त अवनीश कुमार सिंह को खान एवं भू-तत्व विभाग में सचिव-सह-खान आयुक्त नियुक्त किया गया है।

मुख्यमंत्री सचिवालय में भी नए अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। श्रीकांत कुंडलिक खांडेकर और गुंजन सिंह को मुख्यमंत्री सचिवालय में संयुक्त सचिव बनाया गया है। इससे पहले खांडेकर पटना और गुंजन सिंह भोजपुर में उपविकास आयुक्त (डीडीसी) के पद पर कार्यरत थे। नालंदा के उपविकास आयुक्त शुभम कुमार को पटना का नया उपविकास आयुक्त नियुक्त किया गया है।

वहीं जीविका के मुख्य कार्यपालक अधिकारी हिमांश शर्मा को विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग का प्रभारी सचिव बनाया गया है। अधिसूचना के तहत कई अधिकारियों को उनके अतिरिक्त प्रभारों से मुक्त भी किया गया है। सामान्य प्रशासन विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ. बी. राजेंद्र को शिक्षा एवं खेल विभाग के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त कर दिया गया है।

इन दोनों विभागों का अतिरिक्त प्रभार अब विनोद सिंह गुंजियाल को सौंपा गया है। इसी प्रकार ग्रामीण कार्य विभाग के सचिव दिवेश सेहरा को खान विभाग के सभी अतिरिक्त प्रभारों से मुक्त किया गया है। पर्यटन विभाग के सचिव लोकेश कुमार सिंह को भी विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त कर दिया गया।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article