Hathras Road Accident: हाथरस में आगरा अलीगढ़ नेशनल हाईवे पर मैक्स और रोडवेज बस में भीषण टक्कर से अब तक 17 लोगों की मौत हो चुकी है। अलीगढ़ के डिस्ट्रिक्ट मजिस्ट्रेट राम शंकर ने बताया है कि यहां पर इलाज के लिए 6 लोगों को भेजा गया था, जिसमें दो की मृत्यु हो गई। चार लोगों को इलाज जारी है।
बता दें, मैक्स गाड़ी में करीब 30 लोग सवार थे, जिसमें से 12 लोगों की मौके पर मौत होने की पुष्टि हुई है। वहीं, पांच लोगों की इलाज के दौरान मौत हो गई है। सभी लोग सासनी से तेरहवीं भोज में शामिल होकर आगरा के खदौली के गांव सेमरा लौट रहे थे। हादसे में मरने वालों में बच्चे और महिला-पुरुष शामिल हैं। वहीं, हादसे को लेकर राष्ट्रपति द्रौपदि मुर्मू, पीएम नरेंद्र मोदी और सीएम योगी ने शोक जताया है। PM मोदी ने प्रत्येक मृतक के परिवार को दो-दो लाख रुपये और घायलों को 50,000 रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की।
कोतवाली चंदपा क्षेत्र के आगरा अलीगढ़ नेशनल हाइवे पर गांव मितई की घटना। हादसे में मरने वालों की संख्या अभी बढ़ सकती है। 13 घायलों को इलाज के लिए विभिन्न अस्पतालों में भर्ती किया गया है। इनमें से चार की हालत गंभीर होने पर अलीगढ़ रेफर कर दिया गया है। पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान इरशाद (25), मुन्ने खान (55), मुस्कान (16), टल्ली (28), तबस्सुम (28), नजमा (25), भोला (25), खुशबू (25), जमील (50), छोटे (25), अयान (दो), सुफियान (एक), अल्फाज (छह), शोएब (पांच) और इशरत (50) के रूप में हुई है।
सीएम योगी ने हादसे का लिया संज्ञान
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने जनपद हाथरस में हुए सड़क हादसे का संज्ञान लिया। मुख्यमंत्री जी ने मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री जी ने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर जिला प्रशासन के अधिकारियों को उनके समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की है। मुख्यमंत्री जी ने जिला प्रशासन के अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर राहत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
पीएम नरेंद्र मोदी के हवाले से प्रधानमंत्री कार्यालय ने ट्वीट किया कि उत्तर प्रदेश के हाथरस में सड़क दुर्घटना बेहद दर्दनाक है। जिन लोगों ने इसमें अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। भगवान उन्हें इस कठिन समय में शक्ति दे। मैं उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। हादसे में घायल हुए लोगों की जानकारी के लिए राज्य सरकार की निगरानी में स्थानीय प्रशासन पीड़ितों की हरसंभव मदद करने में लगा हुआ है।
अलीगढ़ पहुंचे इतने घायल
अलीगढ़ के एडीएम सिटी अमित कुमार भट्ट ने बताया कि यह हाथरस में एक एक्सीडेंट हुआ था। इसमें कुछ लोगों के चोटिल होने की और उसमें कुछ डेथ भी हुई है, वह वहां से रेफर होकर के अपने जेएनएमसी में आए हैं। टोटल इसमें घायल और जो प्रभावित हुए हैं, वह तो 18 लोग थे। इसमें आठ लोग हमारे यहां आने की बात हो रही थी, जिसमें से 6 आ चुके हैं, जिसमें चार की हालत स्थिर है, जबकि दो की मौत हो चुकी है। एक बच्ची और एक बच्चे गुलशन उसकी मौत की पुष्टि हो चुकी है। यह जनपद हाथरस में घटना हुई थी।
अलीगढ़ के जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज के सीएमओ नरेश कुमार ने बताया कि हमारे यहां 6 लोग आए हैं अभी तक, उसमें से दो की मौत हो चुकी है। चार इंजर्ड है जिसमें से एक की हालत गंभीर है। यह लोग हाथरस जिले मैं एक्सीडेंट हुआ है वहां से आए हैं।
