शहर

कोटा में अंडरपास निर्माण के दौरान बड़ा हादसा, मिट्टी धंसने से दबे दो इंजीनियर, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

Kota Accident: कोटा के दरा नाल इलाके में अंडरपास निर्माण के दौरान बड़ा हादसा हो गया। अचानक मिट्टी धंसने से दो रेलवे इंजीनियर उसके नीचे दब गए।

Kota Accident: राजस्थान के कोटा जिले में गुरुवार को एक बड़ा हादसा हो गया। यह दुर्घटना राष्ट्रीय राजमार्ग-52 पर स्थित दरा नाल इलाके में हुई, जहां अंडरपास निर्माण का काम चल रहा था। निर्माण कार्य (Kota Underpass Construction Accident) के दौरान अचानक मिट्टी धंस गई, जिससे वहां मौजूद दो रेलवे इंजीनियर मिट्टी के नीचे दब गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन तुरंत सक्रिय हो गया। पुलिस, रेलवे अधिकारी और बचाव दल मौके के लिए रवाना किए गए। घटनास्थल पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया।

मिट्टी हटाने का काम लगातार जारी

जेसीबी मशीनों और अन्य उपकरणों की मदद से मिट्टी हटाने का काम लगातार जारी है। प्रशासन की कोशिश है कि दोनों इंजीनियरों को जल्द से जल्द सुरक्षित बाहर निकाला जा सके। बताया जा रहा है कि दरा नाल क्षेत्र में अंडरपास निर्माण का काम काफी समय से चल रहा है। इसी दौरान अचानक मिट्टी का बड़ा हिस्सा नीचे खिसक गया। हादसा इतना अचानक हुआ कि वहां मौजूद इंजीनियरों को संभलने का मौका नहीं मिला और वे मिट्टी के नीचे दब गए। मौके पर मौजूद मजदूरों और कर्मचारियों ने तुरंत अधिकारियों को जानकारी दी।

दो रेलवे इंजीनियर मिट्टी में दबे

कोटा रेल मंडल के सीनियर डीसीएम सौरभ जैन ने भी इस घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि दो रेलवे इंजीनियर मिट्टी में दब गए हैं और उन्हें निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन तेजी से चलाया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल पूरी स्थिति पर नजर रखी जा रही है। घटना के बाद स्थानीय प्रशासन और रेलवे विभाग के अधिकारी लगातार मौके पर मौजूद हैं। आसपास के इलाके को सुरक्षा के लिहाज से खाली कराया गया है ताकि राहत कार्य में किसी तरह की परेशानी न हो। इस हादसे के बाद निर्माण कार्य की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। फिलहाल सभी की नजर रेस्क्यू ऑपरेशन पर टिकी हुई है और लोगों को दोनों इंजीनियरों के सुरक्षित बाहर आने की उम्मीद है।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article