शहर

मैनपुरी में स्कूल वैन को ट्रक ने मारी टक्कर, ड्राइवर की मौत; 6 बच्चे घायल

उत्तर प्रदेश के मैनपुरी में घने कोहरे के कारण विजिबिलिटी ट्रक और वैन की टक्कर से ड्राइवर की मौत हो गई 6 बच्चे घायल हो गए।

Image

मैनपुरी में स्कूल वैन को ट्रक ने मारी टक्कर

मैनपुरी : जिले में शुक्रवार सुबह घने कोहरे के कारण एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। कुरावली थाना क्षेत्र के नागल आंध्रा गांव के पास एक स्कूल वैन को तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में स्कूल वैन ड्राइवर की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि वैन में सवार 6 बच्चे घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह के समय कोहरा काफी घना था, जिससे विजिबिलिटी बेहद कम थी। इसी दौरान सामने से आ रहे ट्रक ने स्कूल वैन को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वैन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और ड्राइवर वैन में ही फंस गया।

हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए कटर की मदद से क्षतिग्रस्त वैन को काटा और ड्राइवर को बाहर निकाला। इसके बाद घायल बच्चों और ड्राइवर को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में भर्ती कराया गया।

2 बच्चे सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर

CHC में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने चार बच्चों और ड्राइवर की हालत गंभीर बताते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान ड्राइवर ने दम तोड़ दिया। वहीं, दो अन्य बच्चों की हालत बिगड़ने पर डॉक्टरों ने उन्हें सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया, जहां उनका इलाज जारी है।

घटना की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, हादसे का मुख्य कारण घना कोहरा और ट्रक की तेज रफ्तार माना जा रहा है। ट्रक चालक की तलाश की जा रही है और मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article