शहर

Mahoba Accident: महोबा में रफ्तार का कहर, सड़क किनारे चल रही महिलाओं को पिकअप ने कुचला; 3 की मौत

महोबा में तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने सड़क किनारे पैदल चल रही पांच महिलाओं को कुचल दिया। जिसमें तीन महिलाओं की मौत हो गई और दो गंभीर रूप से घायल हैं। पुलिस ने आरोपी चालक को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया है।

Image

महोबा में दर्दनाक हादसा

Photo : Times Now Digital

Mahoba Accident News: उत्तर प्रदेश के महोबा जिले से एक हिंट एन रन का मामला सामने आया है। बीती रात एक तेज रफ्तार पिकअप ने 5 महिलाओं को रौंद डाला। जिसमें तीन महिलाओं की मौत हो गई और 2 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गईं। ये महिलाएं शादी समारोह से खाना बनाकर घर लौट रही थी। तभी पीछे से पिकअप ने उन्हें टक्कर मार दी और चालक गाड़ी समेत मौके से फरार हो गया। हालांकि पुलिस ने चालक को गिरफ्तार कर लिया है। इस घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है।

यह हादसा महोबा के कानपुर–सागर नेशनल हाईवे पर शहर कोतवाली क्षेत्र के भटीपुरा में एआरटीओ ऑफिस के पास हुआ। ये महिलाएं बीती रात होटल मीरा पैलेस में एक शादी समारोह में खाना बनाने का काम निपटाकर पैदल अपने घर लौट रही थीं। महिलाएं सड़क किनारे चल रही थीं, तभी पीछे से एक तेज रफ्तार पिकअप आई। जिसने किसी को संभलने तक का मौका नहीं दिया और महिलाओं को रौंदकर फरार हो गई। हादसे के बाद सड़क पर चीख-पुकार मच गई।

एंबुलेंस से घायलों को अस्पताल पहुंचाया

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया। हादसे में 40 वर्षीय श्यामरानी ने मौके पर दम तोड़ दिया। वहीं गीता और पूर्व सभासद भागवती को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया। जहां इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई। हादसे में घायल हुई 65 वर्षीय तुलसा की हालत नाजुक बनी हुई है। उन्हें झांसी हायर सेंटर रेफर किया गया है, वहीं उनकी बहू राजकुमारी का इलाज महोबा जिला अस्पताल में चल रहा है। ये सभी महिलाएं मेहनत-मजदूरी कर अपना घर चलाती थी।

पुलिस ने घेराबंदी कर चालक को पकड़ा

पुलिस ने फरार पिकअप चालक को घेराबंदी कर हमीरपुर के मौदहा से गिरफ्तार कर लिया है। हादसे की जानकारी मिलते ही सदर विधायक राकेश गोस्वामी जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिजनों को ढांढस बंधाया और हर संभव सरकारी मदद दिलाने का आश्वासन भी दिया। फिलहाल पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे कानूनी कार्रवाई जारी है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article