शहर

Mahoba: वायरल वीडियो ने खोली पोल, 50 मीटर सड़क पर चलवाया प्रशासन ने ट्रैक्टर; जानें पूरा मामला

यूपी के महोबा जिले में सड़क निर्माण में गड़बड़ी के आरोपों के बाद प्रशासन ने त्वरित और कड़ी कार्रवाई की है। कबरई विकासखंड के ननौरा–उरवारा मार्ग पर बनी सड़क की गुणवत्ता संदिग्ध पाए जाने पर 50 मीटर हिस्सा उखाड़ दिया गया। वायरल वीडियो के आधार पर जांच बैठा दी गई है और दोषियों पर कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

Image

महोबा में 50 मीटर सड़क को ध्वस्त करवाया गया

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Mahoba News: उत्तर प्रदेश के महोबा जिले में भ्रष्टाचार के आरोपों के बीच एक सड़क निर्माण कार्य पर प्रशासन ने सख्त कदम उठाया है। कबरई विकासखंड के ननौरा–उरवारा मार्ग पर बनाई गई सड़क की गुणवत्ता को लेकर सवाल खड़े होने के बाद अधिकारियों की निगरानी में करीब 50 मीटर लंबा हिस्सा ट्रैक्टर चलवाकर हटवा दिया गया। साथ ही पूरे मामले की जांच के निर्देश भी दिए गए हैं।

जानकारी के अनुसार, मंडी समिति के जरिए लगभग 26 लाख रुपये की लागत से तीन किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण कराया जा रहा था। लेकिन निर्माण के शुरुआती 50 मीटर हिस्से में ही काम की गुणवत्ता संदिग्ध नजर आई। ग्रामीणों ने पाया कि नई बनी सड़क हल्के दबाव में ही टूटकर उखड़ रही है। इसके बाद उन्होंने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किया, जो तेजी से वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए मानकों के अनुरूप न पाए गए हिस्से को ध्वस्त कर दिया और जांच शुरू कर दी है।

निर्माण कार्य में मानकों की अनदेखी

वायरल वीडियो में सड़क की ऊपरी परतें कागज की तरह आसानी से उखड़ती दिखाई दे रही थीं, जिससे संबंधित विभाग की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। जैसे ही यह वीडियो उच्चाधिकारियों तक पहुंचा, प्रशासनिक महकमे में हलचल मच गई। तुरंत कार्रवाई करते हुए अधिकारियों की एक टीम मौके पर भेजी गई। निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य में मानकों की अनदेखी की पुष्टि हुई।

50 मीटर तैयार सड़क को तत्काल हटाने के निर्देश

इसके बाद करीब 50 मीटर तैयार सड़क को तत्काल हटाने के निर्देश दिए गए। मौके पर ट्रैक्टर और कल्टीवेटर मंगवाकर खराब गुणवत्ता वाली परत को उखाड़ दिया गया, ताकि दोबारा सही मानकों के अनुसार निर्माण कराया जा सके। प्रशासन ने पूरे प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए जांच समिति गठित कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि यदि किसी स्तर पर लापरवाही या गड़बड़ी पाई गई तो जिम्मेदार लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल निर्माण कार्य अस्थायी रूप से रोक दिया गया है और मामले की जांच जारी है।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदी author

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अप... और देखें

End of Article