शहर

कल पूरा महाराष्ट्र बे 'बस'! ई-चालान को लेकर ट्रांसपोर्टरों का गुस्सा, चक्का जाम और अनिश्चितकालीन हड़ताल का ऐलान

महाराष्ट्र में ट्रांसपोर्टरों ने ई-चालान और अन्य समस्याओं के विरोध में गुरुवार से राज्यव्यापी चक्का जाम का ऐलान किया है। महाराष्ट्र ट्रांसपोर्ट एक्शन कमेटी ने आधी रात से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू करने का फैसला किया है। हड़ताल के दौरान टैक्सी, ट्रक, टेम्पो, टैंकर, निजी और कॉन्ट्रैक्ट बसें नहीं चलेंगी।

Image

महाराष्ट्र में ट्रांसपोर्टरों ने किया राज्यव्यापी आंदोलन का ऐलान (सांकेतिक फोटो)

Photo : PTI

Maharashtra Transporters Strike: महाराष्ट्र में अनेक ट्रांसपोर्टर ने ई-चालान और अन्य समस्याओं के विरोध में गुरुवार से राज्यव्यापी 'चक्का जाम' का एलान किया है। साथ ही आज आधी रात से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू करने का भी फैसला लिया है। महाराष्ट्र परिवहन आयुक्त के कार्यालय में बुधवार शाम हुई वार्ता के अंतिम दौर में भी कोई खास निष्कर्ष नहीं निकलने के बाद ’महाराष्ट्र ट्रांसपोर्ट एक्शन कमेटी’ (M-TAC) ने कहा कि वह हड़ताल पर जाने का निर्णय लेगी।

आजाद मैदान से RTO दफ्तरों तक प्रदर्शन

एम-टीएसी के प्रतिनिधियों के अनुसार, ट्रांसपोर्टर मुंबई के आजाद मैदान में और राज्य के अन्य हिस्सों में क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ) परिसर के बाहर विरोध प्रदर्शन करेंगे, जिसके बाद वह रात से हड़ताल पर रहेंगे। एम-टीएसी ने कहा कि अनिश्चितकालीन आंदोलन के दौरान स्कूल बसें, अनुबंध पर चलने वाली बसें, निजी बसें और ट्रक, टेम्पो, टैक्सी तथा टैंकर सहित वाणिज्यिक वाहन नहीं चलेंगे। ट्रांसपोर्टर ने विरोध स्थलों पर अपने वाहन लाने की भी धमकी दी है।

’स्कूल बस ओनर्स एसोसिएशन’ के पदाधिकारी अनिल गर्ग ने बुधवार को कहा था कि अगर अनिश्चितकालीन हड़ताल होती है तो शुक्रवार से राज्य भर में स्कूल बसें नहीं चलेंगी, हालांकि बृहस्पतिवार को उनकी सेवाएं प्रभावित नहीं रहेंगी। महाराष्ट्र के परिवहन मंत्री प्रताप सरनाइक ने भी इस सप्ताह की शुरुआत में यहां महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम (एमएसआरटीसी) मुख्यालय में ट्रांसपोर्टर के साथ एक बैठक की थी, लेकिन एम-टीएसी ने कहा कि सरकार की ओर से ’’खोखले आश्वासनों’’ के कारण बातचीत में कोई ठोस निष्कर्ष नहीं निकला।

सरनाइक ने ट्रांसपोर्टर से अपना आंदोलन वापस लेने की अपील करते हुए कहा था कि सरकार खड़ी गाड़ियों को जारी किए गए ’’अन्यायपूर्ण’’ ई-चालान को रद्द करने के बारे में सकारात्मक है और इस मामले पर अनुकूल निर्णय लेगी। एम-टीएसी ने कहा कि यह आंदोलन इलेक्ट्रॉनिक यातायात प्रवर्तन की ’’मनमानी’’ कार्रवाई तथा परिवहन क्षेत्र पर बढ़ते वित्तीय बोझ के खिलाफ आयोजित किया जा रहा है।

(इनपुट - भाषा)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article