ठाणे के मुंब्रा स्थित अमृत नगर इलाके में ख्वाजा फखरुद्दीन शाह बाबा के संदल जुलूस के दौरान एक भीषण हादसा हो गया, जिसमें डीजे वैन पर बना ढांचा गिरने से 7 से 8 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दशकों पुरानी परंपरा के अनुसार निकाले जा रहे इस जुलूस में तेज संगीत और आतिशबाजी के बीच डीजे सिस्टम पर क्षमता से अधिक भार होने के कारण वैन अचानक असंतुलित हो गई।
मुंब्रा के अमृत नगर इलाके में ख्वाजा फखरुद्दीन शाह बाबा के संदल जुलूस के दौरान बड़ा हादसा हो गया।
घायलों की स्थिति नाजुक
इस असंतुलन की वजह से ऊपर खड़े लोग सीधे जमीन पर आ गिरे, जिससे वहां चीख-पुकार मच गई। घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।
सुरक्षा नियमों में चूक के कारण हुआ हादसा
घटना की गंभीरता को देखते हुए मुंब्रा पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और सुरक्षा मानकों की अनदेखी के कोण से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। गौरतलब है कि मुंब्रा पुलिस पहले भी संदल जुलूसों में नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई करती रही है, लेकिन इसके बावजूद सुरक्षा नियमों में चूक के कारण यह बड़ा हादसा पेश आया।
फिलहाल पुलिस प्रशासन ने इलाके में शांति बनाए रखने की अपील की है और आयोजकों की भूमिका की भी जांच की जा रही है कि क्या कार्यक्रम के दौरान निर्धारित शर्तों का पालन किया गया था या नहीं।
वीडियो हुआ वायरल
इस हादसे के कई वीडियो भी सामने आए हैं, जिनमें डीजे गिरता हुआ देखा जा सकता है। वीडियो में एक दर्जन से ज्यादा लोग डीजे में खड़े नजर आ रहे हैं। अन्य सभी लोग उसके पीछे चलते हुए डांस कर रहे हैं। तभी अचानक डीजे नीचे की तरफ झुकने लगता है और जमीन पर गिर जाता है। गनीमत रही कि डीजे झटके के साथ नीचे नहीं आया।
इस वजह से ऊपर खड़े लोगों को बहुत गंभीर चोट नहीं आई। हालांकि, डीजे के ठीक पीछे चलते हुए डांस कर रहे लोगों के ऊपर डीजे और उसके ऊपर सवार लोगों का भार पड़ गया। इस वजह से उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
