शहर

ठाणे के मुंब्रा में जुलूस के बीच अफरा-तफरी, ओवरलोड DJ स्ट्रक्चर गिरने से 8 लोग घायल

मुंब्रा के अमृत नगर इलाके में ख्वाजा फखरुद्दीन शाह बाबा के संदल जुलूस के दौरान बड़ा हादसा हो गया। डीजे वैन पर बना ढांचा अधिक भार के कारण गिर गया, जिससे 7-8 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। तेज संगीत और आतिशबाजी के बीच वैन असंतुलित हो गई और ऊपर खड़े लोग जमीन पर गिर पड़े। घायलों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। मुंब्रा पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और सुरक्षा नियमों में लापरवाही की जांच की जा रही है। प्रशासन ने शांति बनाए रखने की अपील की है और आयोजकों की भूमिका भी जांच के दायरे में है।

Image

मुंब्रा के अमृत नगर इलाके में ख्वाजा फखरुद्दीन शाह बाबा के संदल जुलूस के दौरान बड़ा हादसा हो गया।

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

ठाणे के मुंब्रा स्थित अमृत नगर इलाके में ख्वाजा फखरुद्दीन शाह बाबा के संदल जुलूस के दौरान एक भीषण हादसा हो गया, जिसमें डीजे वैन पर बना ढांचा गिरने से 7 से 8 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दशकों पुरानी परंपरा के अनुसार निकाले जा रहे इस जुलूस में तेज संगीत और आतिशबाजी के बीच डीजे सिस्टम पर क्षमता से अधिक भार होने के कारण वैन अचानक असंतुलित हो गई।

घायलों की स्थिति नाजुक

इस असंतुलन की वजह से ऊपर खड़े लोग सीधे जमीन पर आ गिरे, जिससे वहां चीख-पुकार मच गई। घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।

सुरक्षा नियमों में चूक के कारण हुआ हादसा

घटना की गंभीरता को देखते हुए मुंब्रा पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और सुरक्षा मानकों की अनदेखी के कोण से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। गौरतलब है कि मुंब्रा पुलिस पहले भी संदल जुलूसों में नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई करती रही है, लेकिन इसके बावजूद सुरक्षा नियमों में चूक के कारण यह बड़ा हादसा पेश आया।

फिलहाल पुलिस प्रशासन ने इलाके में शांति बनाए रखने की अपील की है और आयोजकों की भूमिका की भी जांच की जा रही है कि क्या कार्यक्रम के दौरान निर्धारित शर्तों का पालन किया गया था या नहीं।

वीडियो हुआ वायरल

इस हादसे के कई वीडियो भी सामने आए हैं, जिनमें डीजे गिरता हुआ देखा जा सकता है। वीडियो में एक दर्जन से ज्यादा लोग डीजे में खड़े नजर आ रहे हैं। अन्य सभी लोग उसके पीछे चलते हुए डांस कर रहे हैं। तभी अचानक डीजे नीचे की तरफ झुकने लगता है और जमीन पर गिर जाता है। गनीमत रही कि डीजे झटके के साथ नीचे नहीं आया।

इस वजह से ऊपर खड़े लोगों को बहुत गंभीर चोट नहीं आई। हालांकि, डीजे के ठीक पीछे चलते हुए डांस कर रहे लोगों के ऊपर डीजे और उसके ऊपर सवार लोगों का भार पड़ गया। इस वजह से उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article