Jalgaon Civic Poll Results: महाराष्ट्र के जलगांव स्थित कोल्हे परिवार के लिए शुक्रवार का दिन बेहद खास और यादगार रहा। कोल्हे परिवार के तीन सदस्यों ललित कोल्हे, सिंधुताई कोल्हे और पीयूष ललित कोल्हे ने जलगांव नगर निगम चुनाव में शानदार जीत दर्ज की जिसके बाद परिवार ने जनता का आभार व्यक्त किया। सबसे दिलचस्प बात तो यह है कि ललित कोल्हे ने जेल से चुनाव लड़ा और जीत दर्ज की।
ललित कोल्हे ने जेल से लड़ा चुनाव
शिवसेना के उम्मीदवार ललित कोल्हे ने जेल से चुनाव लड़ा और जीत दर्ज की। समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, ललित कोल्हे को सितंबर में फर्जी कॉल सेंटर घोटाले से जुड़े एक मामले में गिरफ्तार किया गया था। इससे पहले, ललित कोल्हे महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) के सदस्य रह चुके हैं और वर्ष 2018 में जलगांव के मेयर भी रहे हैं। 2018 से 2021 तक भाजपा की सीमा भोले मेयर रहीं, जबकि 2021 से शिवसेना की जयश्री महाजन इस पद पर काबिज हैं।
'सच्चाई की हुई जीत'
वार्ड नंबर 4 से जीत हासिल करने वाले पीयूष कोल्हे ने कहा कि उनके परिवार को कई मुश्किलों का सामना करना पड़ा, लेकिन सच्चाई की जीत हुई। उन्होंने कहा, ''हमारे परिवार के तीन सदस्यों ने चुनाव जीता है। जैसा कि मेरी मां ने कहा, वोटर्स ने ललित कोल्हे के प्रति अपना प्यार दिखाया है। पिछले 15-20 दिनों में कई लोगों ने हमें नीचे गिराने की कोशिश की, लेकिन अंत में सच की ही जीत होती है।''
मां ने लिया था अनोखा संकल्प
ललित कोल्हे की मां सरिता कोल्हे ने बेटे की गिरफ्तारी के बाद एक संकल्प लिया था। उन्होंने कहा था कि जब तक उनका बेटा जेल से बाहर नहीं आ जाता, वह चप्पल नहीं पहनेंगी। जीत का जश्न मनाते हुए उन्होंने जनता का आभार जताया और कहा कि वोटर्स ने जेल के दरवाजे तोड़े दिए। उन्होंने कहा, ''मेरे बेटे पर घिनौने आरोप लगाए गए। वह जेल में है, लेकिन जनता ने हमें अपना आशीर्वाद दिया। वार्ड नंबर 11 से सिंधुताई कोल्हे और ललित कोल्हे, और वार्ड नंबर 4 से पीयूष कोल्हे ने जीत दर्ज की। मेरे बेटे, पति और सास तीनों ने चुनाव जीता है।''
