शहर

महाराष्ट्र : ChatGPT से किया गया पेपर हल! बोर्ड परीक्षा में नकल का हथियार बना AI; तीन शिक्षक निलंबित

महाराष्ट्र के गड़चिरोली जिले के चामोर्शी स्थित जा. कृ. बोमनवार कनिष्ठ विज्ञान व कला महाविद्यालय परीक्षा केंद्र पर 12वीं के राज्यशास्त्र पेपर के दौरान सामूहिक नकल कराने के प्रयास में तीन शिक्षकों को निलंबित किया गया है।

Image

गड़चिरोली में बोर्ड परीक्षा के दौरान नकल का मामला

गड़चिरोली : जिले के चामोर्शी स्थित जा. कृ. बोमनवार कनिष्ठ विज्ञान व कला महाविद्यालय परीक्षा केंद्र पर 12वीं के राज्यशास्त्र पेपर के दौरान सामूहिक नकल का प्रयास सामने आया है। प्रश्नपत्रिका का फोटो बाहर भेजकर उसके उत्तर ChatGPT से खोजे गए और उनकी प्रिंट कॉपी परीक्षा केंद्र तक पहुंचाने की कोशिश की गई। यह मामला तब उजागर हुआ जब जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सुहास गाड़े ने 18 फरवरी को राज्यशास्त्र परीक्षा के दौरान केंद्र का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान केंद्र के बाहर संबंधित विषय के माइक्रो नोट्स और चल रहे पेपर के प्रश्नों के ChatGPT से निकाले गए प्रिंटआउट बरामद हुए।

मामले को गंभीरता से लेते हुए सीईओ ने तुरंत जांच समिति गठित की। समिति की रिपोर्ट में सामूहिक नकल के प्रयास की पुष्टि होने के बाद प्रभारी गटशिक्षणाधिकारी सुधीर आखाडे की शिकायत पर चामोर्शी पुलिस थाने में केंद्र प्रमुख सहित तीन शिक्षकों और एक शिपाई के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।

शिक्षा विभाग ने संबंधित चारों कर्मचारियों को निलंबित करने के आदेश जारी कर दिए हैं। घटना के बाद जिले के शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है और परीक्षा केंद्रों पर निगरानी और सख्त करने के निर्देश दिए गए हैं।

12वीं केमिस्ट्री का पेपर हुआ था लीक

महाराष्ट्र बोर्ड 2026 की 10वीं 12वीं की परीक्षाओं के दौरान नकल के कई मामले सामने आए हैं। दरअसल 18 फरवरी (बुधवार) को आयोजित 12वीं केमिस्ट्री का क्वेश्चन पेपर कथित तौर पर लीक होने का मामला सामना आया है। प्रश्नपत्र कथित तौर पर सोशल मीडिया पर सर्कुलेट किया गया है। बता दें परीक्षा में धांधली का पता बुधवार को एक हाई स्कूल परीक्षा केंद्र पर चला, जब एक छात्रा के बार-बार वॉशरूम जाने से संदेह पैदा हुआ।

बता दें बोर्ड परीक्षा 2026 सत्र में नकल की यह पहली घटनाएं नहीं हैं। महाराष्ट्र उच्च माध्यमिक प्रमाणपत्र (एचएससी) परीक्षा के पहले दिन भी कक्षा 12 के अंग्रेजी परीक्षा के दौरान बड़े पैमाने पर नकल की खबरें सामने आई थी। रिपोर्ट के मुताबिक अमरावती में सबसे अधिक 22 नकल के मामले दर्ज किए गए, उसके बाद पुणे में 10, नासिक में 4, छत्रपति संभाजीनगर में 3, लातूर में 2 और नागपुर में 1 मामला दर्ज किया गया।

कब तक चलेंगी बोर्ड परीक्षाएं

बता दें महाराष्ट्र राज्य माध्यमिक और उच्च माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (MSBSHSE) की ओर से एचएससी की परीक्षा 10 फरवरी से 11 मार्च 2026 तक आयोजित की जा रही है। परीक्षा दो पालियों में निर्धारित है। पहले शिफ्ट सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक जबकि दूसरी शिफ्ट दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक चलेगी। वहीं कक्षा 10वीं की बोर्ड परीक्षा 20 फरवरी से शुरू होकर 18 मार्च 2026 को समाप्त होगी। परीक्षाएं सुबह और दोपहर दोनों सत्रों में आयोजित की जाएंगी।

atul. Singh
अतुल सिंहauthor

मैं अतुल सिंह,मैं 14 वर्षों से अधिक समय से टीवी पत्रकारिता में विभिन्न क्षेत्रों को खबरों को कवर करने वाला अनुभवी पत्रकार हूं। वर्तमान में Times Now नवभारत के लिए principal correspondent हूं। मैंने इंडिया टीवी, ज़ी न्यूज़,IBN 7 (न्यूज़ 18),Lemon न्यूज़ जैसे प्रमुख मीडिया संगठनों के साथ भी काम किया है। मनोरंजन,नागरिक मुद्दे ,इंफ्रा,राजनीति,आम और विधानसभा चुनाव और अपराध जैसे विषयों को बखूबी कवर किया है। वर्तमान में मुम्बई ब्यूरो से जुड़ा हुआ हूं। कई राष्ट्रीय मुद्दों से जुड़े कई विशेष खबरें भी कवर किया है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें