शहर

शिवलिंग की पूजा तो सभी करते हैं, यहां भगवान शिव की नाभि की पूजा होती है, 16 किमी चलकर जाना पड़ता है इस शिवालय में

भगवान शिव के बारे में कहा जाता है कि वह एक लोटे जल से ही प्रसन्न हो जाते हैं। लेकिन उनके भक्त उनके लिए हर तरह का कष्ट सहन करके उनके शिवालयों तक पहुंचते हैं। ऐसा ही एक शिवालय मद्यमहेश्वर है, जहां पहुंचने के लिए आपको 16 किमी का ट्रैक करना पड़ता है।

Image

पंचकेदार सर्किट में मधमहेश्वर मंदिर

Photo : Times Now Digital

भगवान शिव के भक्तों के लिए भोले बाबा ही सब कुछ हैं। भोले भंडारी के अलावा उन्हें कुछ भी नहीं भाता। भगवान शिव के ऐसे ही भक्त, पंच केदार (Panch Kedar) के दर्शनों के लिए पहुंचते हैं। पंच केदार की बात होती है तो आमतौर पर लोग केदारनाथ (Kedarnath) के बारे में तो जानते हैं, लेकिन बाकी के चार केदारों के बारे में कम ही लोगों को जानकारी होती है। पंच केदार में हम तुंगनाथ (Tungnath) और रुद्रनाथ (Rudranath) के दर्शन पूर्व में कर चुके हैं। तुंगनाथ में शिव शंकर के दर्शन करने के बाद हमने 20 किमी का कठिन ट्रैक करके रुद्रनाथ के दर्शन कर लिए हैं। आज चलते हैं मधमहेश्वर (Madmaheshwar) के मंदिर, जहां भगवान शिव की नाभि की पूजा होती है। मधमहेश्वर में भगवान शिव के दर्शन करने के साथ ही आप यहां से अद्भुत नजारे हमेशा के लिए अपनी यादों में संजोकर ही घर जाएंगे।

मधमहेश्वर आने पर दाईं ओर जहां आपको बर्फ से ढकी हिमालय की चोटियां नजर आएंगी, वहीं बाईं ओर घास के खूबसूरत मैदान आपका मन मोह लेंगे। वहीं मंदिर के पीछे की तरफ घना जंगल अपनी ओर आकर्षित करता है।

मधमहेश्वर की मान्यता

पंच केदार की यात्रा में यह चौथा केदार है, जहां श्रद्धालु बड़ी संख्या में आते हैं। पंच केदार की कहानी महाभारत (Mahabharat) काल से जुड़ी है। जब भगवान शिव ने पांडवों को दर्शन देने से बचने के लिए बैल रूप धारण किया तो पांचों केदार में उनके अलग-अलग हिस्से दिखायी दिए। जहां जो अंग दिखा, वहां भोले बाबा की उसी रूप में पूजा होती है। मधमहेश्वर में बैल का मध्य भाग यानी नाभि दिखा, इसलिए यहां भोले भंडारी की इसी रूप में पूजा होती है। माना जाता है कि पांडु पुत्र भीम ने इस मंदिर की स्थापना की और यहां भोले बाबा की अराधना की। मंदिर के दाईं ओर एक छोटा सा मंदिर है, जिसमें देवी सरस्वती की मार्बल की मूर्ति है।

कैसे पहुंचे मधमहेश्वर

समुद्र तल से 3490 मीटर की ऊंचाई पर मौजूद मधमहेश्वर मंदिर उत्तराखंड और देश के अन्य हिस्सों से अच्छी तरह से कनेक्टेड है। उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में मौजूद यह मंदिर हरिद्वार से 225 और देहरादून स्थित जॉली ग्रांट एयरपोर्ट से 205 किमी दूर है। यहां आने का सबसे अच्छा समय मई से नवंबर के बीच होता है। मधमहेश्वर जाने के लिए आपको रांसी गांव से 16 किमी का पैदल ट्रैक करना पड़ेगा। रांसी गांव तक सड़क से आसानी से पहुंच सकते हैं। मधमहेश्वर जाने के लिए आप दिल्ली, हरिद्वार, ऋषिकेश, देहरादून आदि जगहों से सीधे उखीमठ तक बस ले सकते हैं। हरिद्वार और ऋषिकेश से बसें सुबह जल्दी शुरू हो जाती हैं और दिनभर चलती रहती हैं। उखीमठ से रांसी के लिए आप कैब बुक कर सकते हैं। चाहें तो आप ऋषिकेश या हरिद्वार से सीधे रांसी गांव के लिए भी कैब बुक कर सकते हैं।

भले ही रांसी से मधमहेश्वर मंदिर तक 16 किमी का ट्रैक हो, लेकिन यह ट्रैक बंटोली तक बहुत ही आसान है। बंटोली से मधमहेश्वर तक खड़ी चढ़ाई चढ़कर जाना पड़ता है। बता दें कि बंटोली में ही मधमहेश्वर गंगा और मार्त्येद गंगा का संगम होता है। बंटोली से चढ़ाई चढ़ने के बाद आप खटरा और नानू होते हुए मधमहेश्वर पहुंचते हैं। बता दें कि इस रूट में गौंधर और कालिमठ दो बहुत ही महत्वपूर्ण पड़ाव हैं।

मधमहेश्वर में क्या देखें

मधमहेश्वर में कुछ भी देखने से पहले भोले बाबा का आशीर्वाद लें। 16 किमी का ट्रैक करके यहां आए हैं तो कुछ देर भोले के ध्यान में बैठें। यहां से हिमालय की चौखंबा पर्वत चोटियों के शानदार दर्शन कर सकते हैं। बर्फ से ढकी यहां की चोटियां हमेशा के लिए आपके मन-मस्तिष्क में बस जाएंगी। इसके अलावा मधमहेश्वर मंदिर के पास मौजूद घास के मैदानों (बुग्याल) में कैंप लगाकर आप रात में तारे गिन सकते हैं।

मधमहेश्वर के आसपास

मधमहेश्वर मंदिर के आसपास अगर आप घूमना चाहते हैं तो आप मंदिर से 16 किमी का ट्रैक करके कंचनी ताल पहुंच सकते हैं। यह ताल समुद्र तल से 4200 मीटर की ऊंचाई पर मौजूद है। बेहतर तो यही होगा कि कंचनी ताल के आसपास रात को कैंप लगाएं, रात को यहां का नजार अद्भुत होता है।

मधमहेश्वर मंदिर से 2 किमी का ट्रैक करके आप बूढा मधमहेश्वर पहुंच सकते हैं। यहां से हिमालय का विहंगम दृष्य नजर आता है। यहां का शिव मंदिर समुद्रतल से 14000 फीट की ऊंचाई पर मौजूद है।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article