शहर

MP News: शिवपुरी में रहस्यमयी बीमारी का कहर! 10 दिन में एक ही परिवार के 4 बच्चों की मौत; स्वास्थ्य विभाग अलर्ट

Shivpuri News: शिवपुरी में 10 दिनों के भीतर एक ही परिवार के चार बच्चों की संदिग्ध बीमारी से मौत हो गई। सभी को बुखार, पेट दर्द, उल्टी-दस्त और प्लेटलेट्स कम होने की शिकायत थी। स्वास्थ्य विभाग ने नमूने लेकर जांच शुरू कर दी है।

Image

शिवपुरी में 10 दिन में चार मौतों से हड़कंप (सांकेतिक फोटो)

Photo : iStock

Shivpuri News: मध्य प्रदेश के शिवपुरी में एक ही परिवार के चार सदस्यों की संदिग्ध बीमारी से मौत के बाद हड़कंप मचा हुआ है। महज 10 दिनों में हुई इन मौतों के बाद स्वास्थ्य विभाग ने जांच शुरू कर दी है। परिवार का दावा है कि बच्चों ने झरने में नहाने के बाद तबीयत बिगड़ने की शिकायत की थी। जिसके बाद स्वास्थ्य विभाग की एक टीम ने मंगलवार शाम को पीड़ित परिवार के लोगों से मुलाकात कर जानकारी हासिल की।

अधिकारी के मुताबिक मामला शहर के फिजिकल थाना क्षेत्र का है, जहां के तनवीर अहमद नामक शख्स के परिवार में 21 अगस्त से 31 अगस्त के बीच एक के बाद एक कुल चार लोगों की मौत हो गई। अधिकारी के मुताबिक चारों की तबीयत लगभग एक जैसी बिगड़ी। पहले बुखार आया, इसके बाद पेट दर्द और उल्टी-दस्त की शिकायत हुई और हालत तेजी से गंभीर होती चली गई। अधिकारी ने बताया कि परिजन उन्हें इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन दो-तीन दिन के भीतर ही एक के बाद एक चारों बच्चों ने दम तोड़ दिया। मृतकों में तीन बच्चे सगे भाई हैं, जबकि चौथा बच्चा उनका रिश्तेदार है। अचानक हुई इन मौतों से परिवार में मातम पसरा है और परिजन सदमे में हैं।

जिले के मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमएचओ) डाक्टर संजय ऋषिश्वर ने बताया कि वह स्वयं परिवार के पास पहुंचे थे और प्रारंभिक जांच में चारों की मौत संक्रमण से होने की बात सामने आई है। उन्होंने बताया, "बच्चों की प्लेटलेट्स तेजी से कम हुई थीं। एक बच्चे के मामले में स्थिति इतनी गंभीर हो गई थी कि उसके शरीर के कई अंगों ने काम करना बंद कर दिया था। परिवार के सभी सदस्यों के नमूने लिए गए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मौतों के वास्तविक कारण के संबंध में कोई स्पष्ट निष्कर्ष निकाला जा सकेगा।"

एक के बाद एक चार बच्चों की मौत

परिजनों के मुताबिक सबसे पहले 18 अगस्त को तनवीर अहमद के 14 वर्षीय बेटे ताहिर की तबीयत खराब हुई। उन्होंने बताया कि उसे बुखार के साथ उल्टी-दस्त और पेट दर्द की शिकायत हुई तथा हालत बिगड़ने पर उसका इलाज कराया गया लेकिन दो दिन बाद उसकी मौत हो गई। इलाज के दौरान उसकी प्लेटलेट्स तेजी से कम होने की बात सामने आई थी। ताहिर की मौत के सदमे से परिवार अभी उबर भी नहीं पाया था कि तनवीर की बहन के 19 वर्षीय बेटे अयाज की तबीयत बिगड़ गई। परिजनों ने बताया कि उसे पहले शिवपुरी जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन हालत गंभीर होने पर ग्वालियर ले जाया गया।

उन्होंने बताया कि इलाज के दौरान 23 अगस्त को अयाज ने भी दम तोड़ दिया। परिजनों के मुताबिक अयाज की जांच में संक्रमण की बात सामने आई थी।

अयाज की मौत के बाद परिवार के दो और बच्चों नौ वर्षीय तारूफ और 11 वर्षीय तासिफ को बुखार आया और दोनों की तबीयत भी तेजी से बिगड़ने लगी। परिवार ने उनका इलाज कराया, लेकिन कोई सुधार नहीं हुआ। 31 अगस्त की सुबह तारूफ की मौत हो गई, जबकि उसी दिन शाम को उसके बड़े भाई तासिफ ने भी दम तोड़ दिया। सिर्फ 10 दिनों के भीतर परिवार के चार बच्चों की मौत ने परिजनों को पूरी तरह तोड़ दिया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इतने कम समय में एक ही परिवार के चार बच्चों की मौत सामान्य घटना नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग को इसकी गंभीरता से जांच करनी चाहिए।

झरने में नहाने के बाद बिगड़ी तबीयत!

परिजनों के मुताबिक चारों बच्चे 16 अगस्त को परिवार के अन्य सदस्यों के साथ गोरा टीला के पास स्थित एक झरने पर नहाने गए थे। उन्होंने कहा कि झरने से लौटने के बाद ही बच्चों की तबीयत बिगड़ने का सिलसिला शुरू हुआ और कुछ ही दिनों में चारों बच्चे बीमार पड़ गए और फिर एक के बाद एक उनकी मौत हो गई। परिवार और स्थानीय लोगों ने झरने के पानी के दूषित होने की आशंका जताई है। घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग भी सक्रिय हो गया।

स्वास्थ्य विभाग ने सैंपल जांच के लिए भेजे

स्वास्थ्य विभाग की टीम मंगलवार शाम परिवार के घर पहुंची और वहां मौजूद लोगों के नमूने लिए। विभाग अब बच्चों की बीमारी, उनके इलाज की रिपोर्ट और परिवार के अन्य सदस्यों की जांच रिपोर्ट के आधार पर मौतों की वजह पता करने में जुटा है।

एक अधिकारी ने बताया कि चूंकि शवों का पोस्टमार्टम नहीं हुआ, ऐसे में मौत का मुख्य कारण स्पष्ट नहीं है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की जांच रिपोर्ट के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

(इनपुट - भाषा)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article