MP News: मध्यप्रदेश के सीहोर जिले में जमीन विवाद को लेकर शुक्रवार सुबह एक व्यक्ति ने अपने बेटे के साथ मिलकर कथित तौर पर अपने ही भतीजे और भतीजी की डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, घटना सिद्धिकगंज थाना क्षेत्र के धर्मपुरी गांव में सुबह करीब साढ़े सात बजे हुई, जब दोनों भाई-बहन परीक्षा देने जा रहे थे।
एग्जाम देने जा रहे भतीजे-भतीजी की कर डाली हत्या
'भाई-बहन को रास्ते में रोक लिया...'
पुलिस अधीक्षक दीपक शुक्ला ने संवाददाताओं को बताया कि मृतकों की पहचान शीतल मालवीय (20) और उसके भाई कुलदीप मालवीय (19) के रूप में हुई है। दोनों जगदीश मालवीय के बच्चे थे। उन्होंने बताया कि आरोपी हरिसिंह मालवीय और उसके बेटे ने कथित तौर पर परीक्षा केंद्र जा रहे दोनों भाई-बहन को रास्ते में रोक लिया और डंडों से हमला कर दिया।
पुलिस के मुताबिक हरिसिंह और जगदीश सगे भाई हैं और उनके बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। शुक्ला ने बताया कि हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर अनुविभागीय पुलिस अधिकारी दामोदर गुप्ता और सिद्धिकगंज थाना प्रभारी राजू सिंह बघेल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।
मप्र उच्च न्यायालय का सोम डिस्टिलरी की याचिका पर राज्य सरकार को नोटिस
मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय ने रायसेन स्थित उत्पादन इकाई का लाइसेंस निलंबित किए जाने को चुनौती देने वाली एक शराब कंपनी की याचिका पर बृहस्पतिवार को आबकारी आयुक्त और राज्य सरकार को नोटिस जारी किए।
न्यायमूर्ति विवेक अग्रवाल की एकल पीठ ने सोम डिस्टिलरीज प्राइवेट लिमिटेड तथा सोम डिस्टिलरीज एंड ब्रेवरीज प्राइवेट लिमिटेड द्वारा दायर याचिका पर सुनवाई के दौरान नोटिस जारी किए।
याचिका में चार फरवरी को आबकारी आयुक्त द्वारा जारी आदेश को चुनौती दी गई है। याचिकाकर्ताओं के अधिवक्ता वरिष्ठ अधिवक्ता संजय अग्रवाल ने फोन पर PTI को बताया कि नोटिस का जवाब दो सप्ताह में देने को कहा गया है।
